पानीपत में फैक्ट्री में भीषण आग: लाखों का नुकसान, 9 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

पानीपत के बापौली में गुप्ता इंटरनेशनल फैक्ट्री में भीषण आग, 9 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, लाखों का नुकसान।

पानीपत में फैक्ट्री में भीषण आग:  लाखों का नुकसान, 9 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

■ देर रात फैक्ट्री में लगी भीषण आग, पूरी यूनिट चपेट में
■ 9 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने कई घंटों में पाया काबू
■ वेस्ट मैटीरियल से भड़की आग, मशीनें जलकर खाक


पानीपत जिले के बापौली क्षेत्र स्थित गुप्ता इंटरनेशनल फैक्ट्री में बीती देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। घटना में फैक्ट्री के अंदर रखा भारी मात्रा में वेस्ट मैटीरियल और महंगी मशीनें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। समय रहते सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आगजनि के वक्त मौके पर मौजूद स्थानीय लोग व दमकलकर्मी आग को बुझाते हुए।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग फायर स्टेशनों से कुल 9 दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। आग पर काबू पाना आसान नहीं था, क्योंकि वेस्ट मैटीरियल आग को लगातार बढ़ा रहा था। दमकल की गाड़ियों को पानी भरने के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़े, जिससे बुझाने में काफी समय लगा।

कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है। फैक्ट्री संचालक के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वेस्ट मैटीरियल ने आग को तेजी से फैलाने में अहम भूमिका निभाई, जिससे फैक्ट्री के अंदर खड़ी मशीनरी पूरी तरह नष्ट हो गई। फिलहाल दमकल विभाग द्वारा कूलिंग प्रक्रिया जारी है, ताकि कहीं कोई चिंगारी दोबारा आग न पकड़ ले। मौके पर हालात नियंत्रण में हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।