पानीपत में गैस सिलेंडर में ब्लास्ट, बुजुर्ग जिंदा जला
पानीपत में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। चाय बनाते समय हुए धमाके से कमरे में आग लग गई, पुलिस जांच कर रही है।
पानीपत में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
चाय बनाते समय हुआ धमाका, साथी गंभीर रूप से झुलसा
कमरे का सारा सामान जलकर राख, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के पानीपत में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से कमरे में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग सोमपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से झुलस गया।
बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक बुजुर्ग की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक की पहचान सोमपाल (60) निवासी रामनगर के रूप में हुई है, जो भारत नगर में एक छोटे से किराए के कमरे में अकेले रहते थे। जानकारी के अनुसार, हादसे से कुछ ही मिनट पहले वह गैस सिलेंडर लेकर कमरे में आए थे और चाय बनाने के लिए चूल्हा जलाया। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरा छोटा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और सोमपाल को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कमरे में रखा फ्रिज, चारपाई, कपड़े और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह हादसा गैस रिसाव के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि सिलेंडर में कोई तकनीकी खराबी थी या रेगुलेटर सही तरीके से नहीं लगा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
Akhil Mahajan