पानीपत में साइबर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, टेलीग्राम पर बच्चों के अश्लील वीडियो बेचने वाले दो दबोचे
पानीपत साइबर थाना पुलिस ने टेलीग्राम पर बच्चों के अश्लील वीडियो बेचने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ IT एक्ट की धारा 67B के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- पानीपत साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो युवक गिरफ्तार
- टेलीग्राम पर बच्चों के अश्लील वीडियो 300 से 500 रुपए में बेच रहे थे आरोपी
- IT एक्ट की धारा 67B के तहत केस दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू
हरियाणा के पानीपत जिले में साइबर थाना पुलिस ने बाल यौन शोषण और दुर्व्यवहार सामग्री के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए बच्चों से जुड़े अश्लील वीडियो और फोटो बेचने का नेटवर्क चला रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘मिस्टर शैडो’ और ‘मिस्टर लीजेंड’ जैसे नामों से टेलीग्राम पर सक्रिय थे। दोनों पिछले तीन महीनों से इस घिनौने अपराध में शामिल थे और ग्राहकों को बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री उपलब्ध करा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज, निवासी विकास नगर पानीपत और आकाश, निवासी अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश, हाल किराएदार किला क्षेत्र पानीपत के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रति ग्राहक 300 से 500 रुपए तक वसूलते थे और ऑनलाइन माध्यम से पेमेंट लेते थे।
पीएसआई हिमांशु को मिली सूचना के बाद साइबर थाना पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ IT एक्ट की धारा 67B के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने लोगों को सामग्री बेची जा चुकी है।
साइबर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाल यौन शोषण से जुड़ी किसी भी प्रकार की सामग्री देखना, डाउनलोड करना या साझा करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में कठोर सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान है। पुलिस की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी जारी है।
Akhil Mahajan