'19 युवक पकड़े, 15 को रिश्‍वत लेकर छोड़ा', पुलिस पर युवक के गंभीर आरोप, आरोपी लाइनहाजिर

पानीपत में युवक ने एंटी नारकोटिक सेल पर 19 युवकों को पकड़ने, 15 को रिश्वत लेकर छोड़ने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की विभागीय जांच शुरू हो गई है।

'19 युवक पकड़े, 15 को रिश्‍वत लेकर छोड़ा', पुलिस पर युवक के गंभीर आरोप,  आरोपी लाइनहाजिर
  • पानीपत में युवक ने ANC टीम पर रिश्वत और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए
  • 19 युवकों को पकड़ने का दावा, 15 को पैसे लेकर छोड़ने का आरोप
  • SP ने कॉन्स्टेबल को लाइनहाजिर किया, विभागीय जांच शुरू

पानीपत में पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल (ANC) पर गंभीर आरोप लगे हैं। सनौली रोड स्थित एक होटल में जुआ खेलने के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने दावा किया है कि पुलिस ने आधिकारिक रिकॉर्ड से कहीं अधिक युवकों को हिरासत में लिया था। युवक का आरोप है कि पुलिस ने 19 युवकों को पकड़ा, लेकिन 15 युवकों को कथित रूप से रिश्वत लेकर छोड़ दिया गया।

मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) भूपेंद्र सिंह ने तत्काल प्रभाव से एक कॉन्स्टेबल को लाइनहाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

मुख्य शिकायतकर्ता सोनू कोहली ने आरोप लगाया कि करीब एक सप्ताह पहले वह अपने साथियों के साथ सनौली रोड स्थित एक होटल में मौजूद था। इसी दौरान एएनसी टीम ने वहां छापा मारा। पुलिस रिकॉर्ड में केवल 4 युवकों की गिरफ्तारी और 36,600 रुपए की बरामदगी दर्शाई गई है, जबकि वास्तव में मौके से 19 युवकों को हिरासत में लिया गया था और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद बरामद हुए थे।

युवक का आरोप है कि होटल में पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने नाम पूछ-पूछकर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद सभी युवकों को समालखा अनाज मंडी स्थित एएनसी कार्यालय ले जाया गया। आरोप है कि टीम उन्हें मुख्य गेट के बजाय पिछले दरवाजे से अंदर लेकर गई और वहां चार युवकों को अलग कर दिया गया।

सोनू ने आरोप लगाया कि थाने में उसे और उसके साथ तीन अन्य युवकों को निर्वस्त्र कर पीटा गया। उसने दावा किया कि एक पुलिसकर्मी ने कथित मुखबिर को व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर पूरी घटना दिखाई। युवक के अनुसार वीडियो कॉल करीब आधे घंटे तक चालू रही और इस दौरान पुलिसकर्मी गाली-गलौज करते हुए मारपीट करते रहे।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि देर रात 15 युवकों को कथित रूप से पैसे लेकर छोड़ दिया गया। उसके अलावा अन्य तीन युवकों के मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए गए। बाद में उन्हें धमकाकर छोड़ दिया गया और उनके खिलाफ चांदनी बाग थाने में मामला दर्ज कर दिया गया।

युवक का आरोप है कि जब उन्होंने होटल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज लेने की कोशिश की तो पता चला कि होटल की डीवीआर भी पुलिस अपने साथ ले गई थी। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि अब उस पर समझौता करने और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार शिकायत की जानकारी तुरंत एसपी को दी गई थी। इसके बाद कॉन्स्टेबल सुनील को लाइनहाजिर कर दिया गया और पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।