पंचकूला SDM चंद्रकांत कटारिया के ट्रांसफर की मांग, कांग्रेस नेता ने BJP कनेक्शन बताकर निष्पक्षता पर उठाए सवाल
पंचकूला SDM चंद्रकांत कटारिया के खिलाफ कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग में शिकायत की है। BJP से पारिवारिक संबंधों के चलते निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए हैं, जिस पर आयोग ने जांच के निर्देश दिए हैं।
■ पंचकूला SDM चंद्रकांत कटारिया के ट्रांसफर की मांग
■ कांग्रेस नेता ने BJP कनेक्शन बताकर निष्पक्षता पर उठाए सवाल
■ चुनाव आयोग ने DC को जांच कर रिपोर्ट देने के दिए निर्देश
हरियाणा में नगर निगम चुनाव की घोषणा के साथ ही सियासी माहौल गरमा गया है। पंचकूला में SDM चंद्रकांत कटारिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता अंकुर गुलाटी ने चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर उनके तबादले की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि SDM का परिवार सीधे तौर पर BJP से जुड़ा हुआ है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठ सकते हैं। इस मामले में चुनाव आयोग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को जांच के निर्देश दिए हैं।
BJP से पारिवारिक संबंध का आरोप, निष्पक्षता पर सवाल
कांग्रेस नेता अंकुर गुलाटी ने अपनी शिकायत में कहा कि चंद्रकांत कटारिया की माता बंतो कटारिया भाजपा हरियाणा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और 2024 लोकसभा चुनाव में अंबाला सीट से उम्मीदवार रह चुकी हैं।
इसके अलावा उनके पिता रतन लाल कटारिया अंबाला से सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस का कहना है कि इस तरह के राजनीतिक संबंध चुनाव प्रक्रिया में पक्षपात की आशंका पैदा करते हैं।
“न्याय होता हुआ दिखना भी जरूरी”
गुलाटी ने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में सिर्फ निष्पक्षता ही नहीं, बल्कि निष्पक्षता दिखाई देना भी जरूरी है।
उनका कहना है कि ऐसे संवेदनशील पद पर तैनात अधिकारी का राजनीतिक परिवार से जुड़ाव उम्मीदवारों और जनता के मन में संदेह पैदा कर सकता है।
तुरंत ट्रांसफर की मांग, आयोग ने लिया एक्शन
कांग्रेस नेता ने मांग की है कि नगर निगम चुनाव 2026 के दौरान चंद्रकांत कटारिया का तुरंत तबादला किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर कोई सवाल न उठे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने DC पंचकूला सतपाल शर्मा को पत्र भेजकर शिकायत पर कार्रवाई करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
shubham