हरियाणा में 1 करोड़ की लागत से बना पुल टूटा, घग्गर नदी और नाले उफान पर
पंचकूला में लगातार बारिश से घग्गर नदी और बरसाती नाले उफान पर हैं। खडूनी में करोड़ों की लागत से बना पुल बह गया, जबकि छामला गांव का पुल डूब गया। हालात गंभीर होने पर प्रशासन ने तीन ब्लॉकों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।
➤ पंचकूला में लगातार बारिश, घग्गर नदी और नाले उफान पर
➤ खडूनी में 1 करोड़ की लागत से बना पुल बहा, गांव का संपर्क टूटा
➤ प्रशासन अलर्ट, 3 ब्लॉकों के स्कूलों में छुट्टी घोषित
हरियाणा के पंचकूला में तड़के सुबह से शुरू हुई लगातार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। पहाड़ी और मैदानी दोनों इलाकों में भारी वर्षा के कारण घग्गर नदी और कई बरसाती नाले उफान पर हैं। खडूनी में लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुल बारिश के दबाव में बह गया, जिससे गांव का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
इसी तरह छामला गांव में नाले पर बना पुल पूरी तरह डूब गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसाती पानी के तेज बहाव से कई गांवों का संपर्क टूट गया है और यातायात बाधित हो गया है।
मौसम विभाग ने जिले में लगातार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालात को गंभीर देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी सतर्क मोड पर है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने आज जिले के 3 ब्लॉकों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। इनमें मोरनी ब्लॉक के सभी स्कूलों के साथ बरवाला ब्लॉक का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बरवाला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पारवाला, पिंजौर ब्लॉक का राजकीय प्राथमिक स्कूल प्रेमपुरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भोरियां और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बाड़गोदाम शामिल हैं।
पंचकूला की उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने अभिभावकों, छात्रों और शिक्षकों से अपील की है कि वर्तमान मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें और बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें।