हरियाणवी सिंगर से रे*प, सब इंस्पेक्टर- सरकारी डॉक्टर और दो हवलदारों पर FIR

पलवल में एक हरियाणवी स्टेज डांसर और सिंगर की शिकायत पर होमगार्ड SI, सरकारी डॉक्टर और दो हवलदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।

हरियाणवी सिंगर से रे*प, सब इंस्पेक्टर- सरकारी डॉक्टर और दो हवलदारों पर FIR

➤ स्टेज डांसर-सिंगर ने SI पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया

➤ सरकारी डॉक्टर और दो हवलदारों के नाम भी FIR में शामिल

➤ पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं


पलवल में एक हरियाणवी स्टेज डांसर और सिंगर की शिकायत पर पुलिस ने होमगार्ड के एक सब इंस्पेक्टर (SI), एक सरकारी डॉक्टर और दो हवलदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि होमगार्ड SI ने शादी का झांसा देकर कई महीनों तक उसका शोषण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि फरवरी महीने में वह अपनी बेटी से जुड़े एक मामले को लेकर थाने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात होमगार्ड SI मनोज कुमार से कराई गई। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने मदद का भरोसा दिलाया और उसे फरीदाबाद के एक होटल में बुलाया।

महिला का दावा है कि होटल में उसे कोल्ड ड्रिंक दी गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के अनुसार जब उसने विरोध किया और शिकायत की बात कही तो आरोपी ने शादी का वादा किया। इसके बाद कई महीनों तक उसका कथित रूप से शोषण किया गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी SI पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे सेक्टर-2 स्थित एक मकान में भी रखा था, जहां उसका सिंगिंग से जुड़ा सामान रखा गया था।

डॉक्टर और हवलदारों पर भी आरोप

शिकायत में महिला ने कहा है कि आरोपी SI के साथ महेंद्र नामक हवलदार, अंकुर नामक हवलदार और सरकारी अस्पताल के डॉक्टर राजेश भी उसके घर आते थे। महिला का आरोप है कि ये लोग उसके घर पर शराब पीते थे और विरोध करने पर अभद्र टिप्पणियां करते थे। शिकायत में डॉक्टर पर अनुचित व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है।

चार साल से कर रही है स्टेज शो

पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति से तलाक ले चुकी है और पिछले चार वर्षों से स्टेज डांस और सिंगिंग का काम कर रही है। उसने कहा कि इस मामले के सामने आने के बाद उसका कामकाज भी प्रभावित हुआ है।

चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज

पलवल शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर होमगार्ड SI मनोज, हवलदार महेंद्र, हवलदार अंकुर और सरकारी डॉक्टर राजेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी जय भगवान ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।