पलवल में विदेश भेजने के नाम पर 10 लाख की ठगी
पलवल में एक युवक से विदेश नौकरी के नाम पर 10 लाख रुपए ठग लिए गए। आरोपी ने यूरोप भेजने का झांसा देकर उसे किर्गिस्तान भेज दिया, जहां उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया।
■ विदेश भेजने के नाम पर पलवल के युवक से 10 लाख की ठगी
■ यूरोप का झांसा देकर किर्गिस्तान भेजा, पासपोर्ट तक जब्त
■ आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, संगठित गिरोह होने का शक
हरियाणा के Palwal में विदेश भेजने के नाम पर एक युवक से 10 लाख रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक को यूरोप में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर आरोपी ने न केवल उससे मोटी रकम वसूली, बल्कि उसे किर्गिस्तान भेज दिया, जहां पहुंचते ही उसकी जिंदगी मुश्किलों में घिर गई। पीड़ित का आरोप है कि वहां उसका पासपोर्ट तक जब्त कर लिया गया और उसे जबरन कम वेतन पर काम करने के लिए मजबूर किया गया।
मामले में अगवानपुर गांव निवासी दीक्षांत ने शिकायत दी है कि वह विदेश जाकर नौकरी करना चाहता था, ताकि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सके। इसी दौरान उसकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी आनंद से हुई, जिसने खुद को बड़ा सर्विस प्रोवाइडर बताते हुए यूरोप में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने हर महीने एक लाख रुपए वेतन का लालच देकर पीड़ित का भरोसा जीत लिया।
विश्वास जमाने के लिए आरोपी दीक्षांत के घर भी पहुंचा और परिवार के साथ फोटो खिंचवाए। इसके बाद उसने वीजा, टिकट और अन्य दस्तावेज तैयार करने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब 10 लाख रुपए ऐंठ लिए। यह रकम नकद और ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवाई गई।
ठगी का असली खुलासा तब हुआ, जब 22 फरवरी 2026 को दीक्षांत को यूरोप के बजाय किर्गिस्तान भेज दिया गया। वहां पहुंचने पर उसे बताया गया कि उसे ड्राइवर नहीं बल्कि एक टेक्सटाइल कंपनी में मशीन ऑपरेटर का काम करना होगा, जहां वेतन मात्र 30 हजार रुपए था। इतना ही नहीं, कंपनी ने उसका पासपोर्ट भी अपने कब्जे में ले लिया, जिससे वह वहां फंस गया।
दीक्षांत किसी तरह अपने खर्च पर टिकट बुक कर 23 फरवरी को भारत लौट आया। उसने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी आनंद एक संगठित गिरोह चलाता है और पहले भी कई युवकों को इसी तरह ठगी का शिकार बना चुका है। बिजनौर के ही एक अन्य युवक सत्येंद्र कुमार से भी 10 लाख रुपए ठगे गए थे, जो किर्गिस्तान में फंस गया था। दीक्षांत ने अपने स्तर पर करीब 43,994 रुपए खर्च कर उसे भारत वापस लाने में मदद की।
भारत लौटने के बाद जब दीक्षांत ने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है।
shubham