8 साल बाद निक ने शेयर की खास फोटो,प्रियंका बोलीं- शुक्रिया तुमने पूछा
निक जोनस ने प्रियंका चोपड़ा को प्रपोज करने के 8 साल पूरे होने पर खास तस्वीर शेयर की। प्रियंका ने जवाब में कहा- 'बहुत खुश हूं कि तुमने पूछा।
निक जोनस ने 8 साल पुरानी प्रपोजल फोटो शेयर की
■ प्रियंका चोपड़ा ने कहा- शुक्रिया तुमने पूछा
■ लंदन में 2018 में निक ने प्रियंका को किया था प्रपोज
एंटरटेनमेंट डेस्क। ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस एक बार फिर अपनी खूबसूरत लव स्टोरी को लेकर चर्चा में हैं। निक जोनस ने सोशल मीडिया पर एक खास थ्रोबैक तस्वीर शेयर कर उस पल को याद किया, जब उन्होंने आठ साल पहले प्रियंका को शादी के लिए प्रपोज किया था।
निक ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में एक पुरानी सेल्फी शेयर की, जिसमें वह मुस्कुराते नजर आ रहे हैं, जबकि प्रियंका अपनी इंगेजमेंट रिंग दिखाती दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर के साथ निक ने लिखा, "8 years ago she said yes" और साथ में रिंग इमोजी भी पोस्ट किया।
प्रियंका ने दिया प्यारा जवाब
निक की इस पोस्ट पर प्रियंका चोपड़ा ने भी प्यार भरा जवाब दिया। उन्होंने लिखा, "So glad you asked" यानी "बहुत खुश हूं कि तुमने पूछा।" दोनों के बीच की यह प्यारी बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस इस पर खूब प्यार लुटा रहे हैं।
2018 में शुरू हुई थी नई जिंदगी
निक जोनस ने 19 जुलाई 2018 को लंदन में प्रियंका चोपड़ा को प्रपोज किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, निक ने प्रियंका के लिए खास इंगेजमेंट रिंग चुनने के लिए एक ज्वेलरी स्टोर तक बंद करवा दिया था।
इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया और दिसंबर 2018 में जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में हिंदू और क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से भव्य शादी की।
बेटी मालती के साथ खुशहाल परिवार
शादी के बाद जनवरी 2022 में प्रियंका और निक ने सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का स्वागत किया। दोनों अक्सर अपनी बेटी के साथ खूबसूरत तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।
निक को अपना 'सेफ स्पेस' मानती हैं प्रियंका
हाल ही में 'द जोनस ब्रदर्स पॉडकास्ट' में प्रियंका चोपड़ा ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि निक उनके लिए 'सेफ स्पेस' हैं और उनके साथ वह पूरी तरह बेफिक्र महसूस करती हैं। प्रियंका प्यार से निक को 'बाबू' कहकर बुलाती हैं।
इस फिल्म में नजर आएंगी प्रियंका
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा जल्द ही निर्देशक एस.एस. राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे और प्रियंका 'मंदाकिनी' का किरदार निभाएंगी।
pooja