NH-44 पर हादसा: पति-पत्नी समेत 3 की मौत, बेटा घायल

NH-44 पर पिपली-शाहाबाद के बीच भीषण सड़क हादसे में दिल्ली निवासी पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

NH-44 पर  हादसा: पति-पत्नी समेत 3 की मौत, बेटा घायल

NH-44 पर भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी समेत 3 की मौके पर मौत
दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहा परिवार, कार डिवाइडर से टकराई
बेटा गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती


राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 पर पिपली-शाहाबाद के बीच गांव खानपुर कोलियां के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, कार दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी गांव खानपुर कोलियां के पास पहुंची, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान बृजभूषण (83), उनकी पत्नी कांता (80) और भारत के रूप में हुई है, जो दिल्ली के नांगलोई के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

इस हादसे में बृजभूषण का बेटा तरुण (53) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कार को भारत चला रहा था और पूरा परिवार किसी रिश्तेदारी में चंडीगढ़ जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार पलट गई और सड़क पर मलबा फैल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।