मोहाली में बड़ा सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर के बाद पलटी बस
मोहाली के जीरकपुर में ट्रक की टक्कर के बाद निजी बस पलट गई। हादसे में 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मोहाली में ट्रक की टक्कर के बाद निजी बस पलटी, 20 से ज्यादा यात्री घायल
मनाली से दिल्ली जा रही बस में सवार थे करीब 45 यात्री, एक युवक की बाजू गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने शुरू की जांच
पंजाब के मोहाली में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास मनाली से दिल्ली जा रही एक निजी बस ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर गए, जबकि कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए। यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक मनाली से दिल्ली जा रही निजी बस जैसे ही जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास पहुंची, उसी दौरान जीरकपुर से पटियाला की ओर जा रहे एक ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।
इस हादसे में एक युवक बस के नीचे आ गया, जिसकी बाजू गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कई अन्य यात्रियों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब छह कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सभी घायलों को पहले डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दुर्घटनाग्रस्त बस करीब दो घंटे तक सड़क के बीचों-बीच पड़ी रही, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से बस को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
pooja