पंजाब के CA दंपती की मौ*त, पति का श*व पंजाब और पत्नी का हरियाणा की नहर से मिला

पंजाब के जीरकपुर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव बाली और उनकी पत्नी नीरजा बाली के शव पंजाब और हरियाणा की अलग-अलग नहरों से मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पंजाब के CA दंपती की मौ*त, पति का श*व पंजाब और पत्नी का हरियाणा की नहर से मिला
  • पंजाब के चार्टर्ड अकाउंटेंट और उनकी पत्नी ने कथित तौर पर नहर में कूदकर जान दी
  • पति का शव राजपुरा के पास और पत्नी का शव 80 किलोमीटर दूर कुरुक्षेत्र में मिला
  • परिजनों ने आर्थिक दबाव की आशंका जताई, पंजाब पुलिस कर रही मामले की जांच

पंजाब के जीरकपुर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) राजीव बाली और उनकी पत्नी नीरजा बाली की मौत के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। राजीव का शव पंजाब के राजपुरा के पास भाखड़ा नहर से बरामद हुआ था, जबकि उनकी पत्नी नीरजा का शव करीब 80 किलोमीटर दूर हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित ज्योतिसर के पास सरस्वती फीडर नहर से मिला है। शुरुआती जांच में दोनों के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई को राजीव और नीरजा घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन 22 जुलाई को पंजाब के राजपुरा स्थित भाखड़ा नहर के पुल पर उनकी लावारिस कार मिली। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ। मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और दोनों की तलाश शुरू की।

सर्च अभियान के दौरान राजपुरा के खेड़ी गांव के पास भाखड़ा नहर से राजीव बाली का शव बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि उनके साथ उनकी पत्नी नीरजा भी थीं। इसके बाद पुलिस ने नहर में दोबारा तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उस समय नीरजा का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके अगले दिन 23 जुलाई को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर के पास सरस्वती फीडर नहर से एक अज्ञात महिला का शव मिला। पहचान के लिए पुलिस ने शव की तस्वीर साझा की। तस्वीर देखने के बाद मोहाली जिले के डेराबस्सी निवासी दिनेश चावला ने शव को अपनी बहन नीरजा बाली के रूप में पहचाना। बाद में उन्होंने कुरुक्षेत्र की मोर्चरी पहुंचकर शव की औपचारिक पहचान की।

कुरुक्षेत्र पुलिस के अनुसार, नीरजा के भाई दिनेश चावला ने बताया कि उनके जीजा राजीव बाली जीरकपुर के एक मॉल में अपना कार्यालय चलाते थे और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। उन्होंने आशंका जताई कि दोनों पिछले कुछ समय से आर्थिक दबाव में थे और संभवतः इसी वजह से यह कदम उठाया। उन्होंने किसी पर भी संदेह नहीं जताया और किसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग नहीं की है।

परिजनों के अनुसार, राजीव और नीरजा की शादी वर्ष 2003 में हुई थी। उनके परिवार में 17 वर्षीय बेटा और 13 वर्षीय बेटी हैं। बेटा 12वीं और बेटी 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। दोनों फिलहाल अपनी दादी के साथ रह रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे परिवार में गहरा शोक है और दोनों बच्चे सदमे में हैं।

पुलिस के अनुसार, दंपती जीरकपुर से लापता हुए थे, उनकी कार राजपुरा में मिली और मामले की शुरुआती जांच भी पंजाब पुलिस ने शुरू की थी। इसलिए अब पूरे मामले की आगे की जांच पंजाब पुलिस ही करेगी। वहीं, नीरजा के शव का पोस्टमॉर्टम कुरुक्षेत्र में कराया जाएगा और उसके बाद सभी दस्तावेज पंजाब पुलिस को सौंप दिए जाएंगे।