Video:करनाल में नशे में रोडवेज बस भगाने की कोशिश, सवारियों ने कॉलर पकड़कर उतारा

करनाल में नशे में एक युवक हरियाणा रोडवेज की बस की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और बिना चाबी बस स्टार्ट करने की कोशिश की। सवारियों ने कॉलर पकड़कर उसे नीचे उतार दिया।

Video:करनाल में नशे में रोडवेज बस भगाने की कोशिश, सवारियों ने कॉलर पकड़कर उतारा

नशे में ड्राइविंग सीट पर बैठा युवक, बस स्टार्ट करने की कोशिश
सवारियां चिल्लाईं, युवकों ने कॉलर पकड़कर नीचे खींचा
GM बोले- आरोपी हरियाणा रोडवेज का कर्मचारी नहीं, वीडियो करीब 2 सप्ताह पुराना


करनाल। हरियाणा के करनाल में नशे में एक युवक ने हरियाणा रोडवेज की सवारियों से भरी बस को चलाकर ले जाने की कोशिश कर दी। युवक लड़खड़ाते हुए बस में चढ़ा और ड्राइविंग सीट पर जाकर बैठ गया। इसके बाद उसने बिना चाबी के बस को स्टार्ट करने की कोशिश की। युवक की हरकत देखकर बस में मौजूद सवारियों को शक हुआ कि वह चालक नहीं है। महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद कुछ युवकों ने उसका कॉलर पकड़कर उसे ड्राइविंग सीट से नीचे खींच लिया। काफी देर तक हंगामा होने के बाद युवक मौके से फरार हो गया।

शराब के नशे में करनाल रोडवेज डिपो की बस में चढ़ता युवक।

घटना का 31 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। वीडियो में करनाल रोडवेज अड्डे पर खड़ी करनाल डिपो की बस दिखाई दे रही है। युवक पीठ पर बैग टांगकर बस के ड्राइविंग सीट वाले गेट की तरफ जाता है। वह गेट खोलकर अंदर चढ़ने का प्रयास करता है, लेकिन नशे की हालत में उसके कदम लड़खड़ा जाते हैं और वह पीछे आ जाता है। कुछ देर बाद वह दोबारा बस के गेट को पकड़कर चढ़ने की कोशिश करता है।

तीसरी कोशिश में बस के अंदर पहुंचा युवक

वीडियो के अनुसार, युवक तीसरी कोशिश में गेट पर लटककर बस के अंदर पहुंच जाता है। इसके बाद वह सीधे ड्राइविंग सीट पर बैठ जाता है और बस को स्टार्ट करने का प्रयास करता है। उसके हाथ स्टेयरिंग पर दिखाई देते हैं। इसी दौरान बस में मौजूद लोगों को उसकी गतिविधियों पर शक हो जाता है।

बताया गया कि बस में मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद एक युवक उसे ड्राइविंग सीट से नीचे उतारने के लिए आगे आया। कुछ ही देर में 2-3 अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। उन्होंने आरोपी का कॉलर पकड़कर उसे बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन युवक ने स्टेयरिंग को कसकर पकड़ लिया। इसके चलते कुछ देर तक बस के अंदर ही उसके और युवकों के बीच खींचतान होती रही।

आरोपी की गर्दन पकड़कर उसे बस से नीचे उतारती सवारी।

युवकों ने काफी मशक्कत के बाद नीचे उतारा

वीडियो में एक युवक आरोपी के हाथ पकड़कर उसे बाहर की तरफ धकेलता दिखाई देता है। काफी मशक्कत के बाद युवकों ने उसे बस से नीचे उतार लिया। घटना के बाद युवक वहां से फरार हो गया।

घटना के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक को रोडवेज कर्मचारी बता दिया। हालांकि, करनाल रोडवेज डिपो के जीएम कुलदीप सिंह ने इससे इनकार किया है।

GM बोले- रोडवेज का कर्मचारी नहीं था युवक

वीडियो की पुष्टि के लिए दैनिक भास्कर ने करनाल रोडवेज डिपो के जीएम कुलदीप सिंह से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वीडियो करनाल के पुराने बस स्टैंड का है। वीडियो में दिखाई दे रहा युवक हरियाणा रोडवेज का ड्राइवर या कोई अन्य कर्मचारी नहीं है।

एक युवक के हाथ में चाबी भी नजर आ रही है।

जीएम के अनुसार, युवक नशे की हालत में बस में चढ़ गया था। बस में मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतार दिया। घटना की जानकारी जुटाने के लिए ट्रैफिक इंचार्ज की ड्यूटी लगाई गई थी।

ट्रैफिक इंचार्ज बोले- बस में चाबी लगी ही नहीं थी

रोडवेज के ट्रैफिक इंचार्ज रविशंकर धीमान ने बताया कि वीडियो करीब दो सप्ताह पुराना है। जिस बस में यह घटना हुई, वह मुनक जाती है। बस को स्टैंड में पार्क करने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर स्टैंड के अंदर चले गए थे। इसी दौरान नशे की हालत में युवक बस के अंदर चढ़ गया।

उन्होंने बताया कि बस की चाबी ड्राइवर अपने पास लेकर गया था और बस में चाबी लगी हुई नहीं थी। वीडियो में युवक के हाथ में जो चाबी दिखाई दे रही है, वह बाइक की चाबी थी।

पूरे घटनाक्रम में युवक ने बिना चाबी बस को स्टार्ट कर उसे भगाने का प्रयास किया, लेकिन सवारियों के विरोध के कारण वह ऐसा नहीं कर सका। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रोडवेज अधिकारियों ने भी इसे लेकर जानकारी जुटाई।