हरियाणा में मानसून फिर एक्टिव, 16 जिलों में बारिश के आसार; घग्गर में उफान से पुल बहा
हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय है। 16 जिलों में बारिश के आसार हैं। पंचकूला में घग्गर उफान पर है और पुल बहने से यातायात प्रभावित हुआ।
➤ 16 जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार
➤ पंचकूला में घग्गर उफान पर, नाडा साहिब के पास पुल बहा
➤ बरसाती नाले में 2 युवक बहे, NDRF ने एक को बचाया
हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर भारत में बने नए मानसूनी तंत्र और उत्तरी हरियाणा पर बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मानसूनी हवाओं ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज मानसूनी सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बीच मंगलवार को पंचकूला और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद घग्गर नदी समेत दूसरे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। पानी के तेज बहाव में नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बह गया। इसके अलावा पंचकूला में अलीपुर-खटोली पुल भी टूट गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों तरफ से ट्रैफिक बंद कर दिया है।
पंचकूला में भारी बारिश के बाद हालात इस कदर बिगड़े कि श्यामटू की नदी में एक किसान पानी के बीच फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने रस्सी के सहारे किसान को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं पंचकूला के सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी के पास बरसाती नाले में 2 युवकों के बह जाने की सूचना मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची NDRF की टीम ने इनमें से एक युवक को बचा लिया।
पंचकूला में घग्गर का जलस्तर बढ़ा, पुल बहा
पंचकूला में मंगलवार दोपहर से हो रही बारिश के बाद घग्गर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ गया। नाडा साहिब के पास पानी के तेज बहाव के कारण लोहे का पुल बह गया। इसी इलाके में पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल भी पानी की चपेट में आ गया।
वहीं अलीपुर-खटोली पुल टूटने के बाद पंचकूला पुलिस ने दोनों तरफ से ट्रैफिक बंद कर दिया। फिलहाल यहां से लोग केवल पैदल ही निकल रहे हैं। पुल टूटने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है।
श्यामटू की नदी में फंसा किसान, रस्सी के सहारे निकाला
भारी बारिश के बाद पंचकूला में श्यामटू की नदी का पानी अचानक बढ़ गया। इस दौरान एक किसान नदी के बीच में फंस गया। उसे देखकर आसपास के लोग मदद के लिए आगे आए और रस्सी के सहारे किसान को बाहर निकाला।
इसी तरह पंचकूला के सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी में भी बारिश का असर देखने को मिला। कॉलोनी में पानी घुसने से रोकने के लिए लोगों ने मिट्टी के बैग लगाए। बरसाती नाले में युवकों के बह जाने की सूचना के बाद NDRF टीम के सदस्य भी मौके पर पहुंचे।
19 अगस्त को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त को हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 50 से 75 प्रतिशत स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं प्रदेश के पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर 25 से 50 प्रतिशत हिस्से में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
हिसार 36.8°C के साथ सबसे गर्म
प्रदेश में बारिश और बादलों के बीच तापमान में भी बदलाव देखने को मिला। औसतन अधिकतम तापमान कल की तुलना में 0.2°C कम दर्ज हुआ और यह सामान्य के करीब रहा। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान हिसार में 36.8°C दर्ज किया गया।
इसके अलावा नारनौल में 36.0°C, रोहतक व भिवानी में 35.9°C, पलवल व फरीदाबाद में 35.8°C और सिरसा में 35.5°C तापमान दर्ज हुआ। वहीं बारिश के कारण यमुनानगर में 31.1°C और कुरुक्षेत्र में 32.6°C पारा रहा।
यमुनानगर में रात सबसे ठंडी
प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर में 23.8°C दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में 24.5°C, पंचकूला में 24.8°C और गुरुग्राम में 25.1°C तापमान रहा।
इसके विपरीत नूंह और सिरसा में 28.1°C तापमान दर्ज हुआ और यहां रातें सबसे गर्म रहीं।
पंचकूला में 67.0 MM बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान पंचकूला में 67.0 MM बारिश दर्ज की गई। वहीं यमुनानगर के हथनीकुंड में 53.0 MM भारी बारिश दर्ज हुई। बारिश के बाद पंचकूला में घग्गर और अन्य नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई जगहों पर स्थिति प्रभावित हुई और पुलों के टूटने तथा लोगों के पानी में फंसने की घटनाएं सामने आईं।
Akhil Mahajan