शिमला में सरस्‍वती पैराडाइज स्कूल परिसर में हरियाणा निवासी मनीषा मित्तल की गोली मार कर हत्या

शिमला के सरस्वती पैराडाइज स्कूल परिसर में मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्कूल स्वामित्व विवाद और पारिवारिक संघर्ष के बीच पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिमला में सरस्‍वती पैराडाइज स्कूल परिसर में हरियाणा निवासी मनीषा मित्तल की गोली मार कर हत्या
  • स्कूल पर हक को लेकर चल रहे विवाद के बीच मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या
  • भाई हिमांक मित्तल पर पहले लगा चुकी थीं कब्जे और फर्जीवाड़े के आरोप
  • पुलिस ने नाकेबंदी कर शुरू की जांच, हमलावरों की तलाश जारी
  • नीषा मित्तल (41), पत्नी डॉ. सुभाष यादव, मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की निवासी थीं

शिमला के भट्टाकुफर स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल परिसर में शनिवार शाम हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। स्कूल पर अधिकार और पारिवारिक विवाद को लेकर लंबे समय से चर्चा में रही मनीषा मित्तल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है।

Manisha Mittal administrator of Saraswati Paradise School shot dead in Shimla

जानकारी के अनुसार मनीषा मित्तल (41), पत्नी डॉ. सुभाष यादव, मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि वह शनिवार शाम कुछ सामान और दूध लेकर स्कूल परिसर में लौट रही थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सूत्रों के अनुसार महिला को तीन गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूत्रों का दावा है कि हमलावर पंजाब नंबर की गाड़ी में सवार होकर आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। पूरे शिमला में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई।

मामले की पृष्ठभूमि भी काफी विवादित रही है। मनीषा मित्तल स्वयं को स्कूल के संस्थापक परिवार की उत्तराधिकारी बताते हुए लंबे समय से स्कूल में हिस्सेदारी और अधिकार की मांग कर रही थीं। उन्होंने अपने भाई हिमांक मित्तल पर स्कूल से जुड़े दस्तावेजों में अनियमितता, फर्जीवाड़ा, कब्जा करने की कोशिश, डराने-धमकाने और करोड़ों रुपये के लोन लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

मनीषा ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि उनके माता-पिता के सपनों से जुड़े स्कूल को गलत तरीके से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की थी कि विवाद सुलझने तक स्कूल में प्रशासक नियुक्त किया जाए या फिर संस्थान को सरकारी नियंत्रण में लिया जाए।

बताया जा रहा है कि स्कूल हरियाणा के एक कारोबारी परिवार से जुड़ा है। पिता के निधन के बाद स्कूल की संपत्ति और संचालन को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद चल रहा था। इस संबंध में विभिन्न स्तरों पर कानूनी प्रक्रियाएं भी जारी थीं।

शिमला पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस ने अभियुक्तों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सुरागों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावित कारण या आरोपी के संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई निष्कर्ष साझा नहीं किया है।