शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो लाठी मारकर भाभी की कर डाली ह*त्या
Mahendragarh Crime, Bhabhi Murder, Haryana Crime News, Chelawas Village, Liquor Dispute, Woman Murder Case, Crime News, CityTehlka
- शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद, सिर पर कई वार किए
- 2 साल के बेटे की मां अंजली की मौत, आरोपी वारदात के बाद फरार
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के चेलावास गांव में एक जेठ ने अपनी भाभी की लाठी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था, लेकिन महिला ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार गांव चेलावास निवासी अमित (34) पर अपने छोटे भाई मनोज की पत्नी अंजली (28) की हत्या करने का आरोप है। अंजली मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और वह एक 2 साल के बेटे की मां थी।
बताया गया है कि बुधवार रात आरोपी अमित ने अपनी भाभी से शराब के लिए पैसे मांगे थे। जब अंजली ने पैसे देने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर लाठी उठाई और अंजली के सिर पर लगातार कई वार कर दिए।
सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल फैल गया। वारदात के समय परिवार के अन्य सदस्य भी आसपास मौजूद बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उप नागरिक अस्पताल कनीना के शवगृह में भिजवा दिया।
शहर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी लंबे समय से शराब का आदी है और परिवार में पैसों को लेकर विवाद चलता रहता था। दोनों भाई खेती-किसानी का कार्य करते हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इसी गांव चेलावास में 4 जून को भी जमीन विवाद को लेकर 55 वर्षीय महिला ओमपती की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एक महीने के भीतर दूसरी हत्या की घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
Akhil Mahajan