Delhi Blast: देश छोड़कर भागने वाली थी लेडी आतंकी शाहीन, ब्लास्ट से 7 दिन पहले कराया वेरिफिकेशन

दिल्ली ब्लास्ट केस में पकड़ी गई डॉ. शाहीन सईद देश छोड़ने की तैयारी में थी। पासपोर्ट वेरिफिकेशन ब्लास्ट से 7 दिन पहले कराया। जांच में ‘मैडम सर्जन’ कोडनेम और JeM नेटवर्क का खुलासा।

Delhi Blast: देश छोड़कर भागने वाली थी लेडी आतंकी शाहीन, ब्लास्ट से 7 दिन पहले कराया वेरिफिकेशन
  • डॉ. शाहीन सईद देश छोड़ने की तैयारी में, दिल्ली ब्लास्ट से 7 दिन पहले कराया पासपोर्ट वेरिफिकेशन

  • ‘मैडम सर्जन’ कोडनेम और ‘ऑपरेशन हमदर्द’ से JeM नेटवर्क का बड़ा खुलासा

  • NIA-ATS की जांच में फरीदाबाद, कश्मीर और दुबई तक जुड़े तार


फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुकी डॉ. शाहीन सईद देश छोड़ने की तैयारी में थी। दिल्ली ब्लास्ट से सिर्फ 7 दिन पहले उसने पासपोर्ट वेरिफिकेशन करवाया था। जांच में सामने आया कि शाहीन धमाकों को अंजाम देने के बाद विदेश भागने की योजना बना चुकी थी।

जांच एजेंसियों ने खुलासा किया है कि शाहीन को उसके आतंकी साथियों और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के नेटवर्क में ‘मैडम सर्जन’ कोडनेम दिया गया था। गिरफ्तार डॉ. मुजम्मिल शकील की डायरी से ‘ऑपरेशन हमदर्द’ का पर्दाफाश हुआ है। इसमें मुस्लिम लड़कियों को भर्ती कर हमलों के लिए तैयार करने की साजिश दर्ज थी और यह जिम्मेदारी शाहीन को सौंपी गई थी।

फरीदाबाद में अल-फलाह यूनिवर्सिटी के फ्लैट नंबर 32 में शाहीन रहती थी। यहीं पुलिस टीम ने 3 नवंबर को पासपोर्ट वेरिफिकेशन किया। पुलिसकर्मियों ने दस्तावेजों की फोटोकॉपी ली और फोटो खींची। उस समय शाहीन अकेली थी। रिपोर्ट समय पर जमा न होने की वजह से वह देश छोड़कर बाहर नहीं भाग सकी।

दिल्ली ब्लास्ट के बाद उसके फोन और दस्तावेज बरामद किए गए, जिनमें अधूरी वीजा फाइल मिली। इसी चूक के चलते उसकी गिरफ्तारी हुई और पूरा JeM नेटवर्क उजागर हो गया। इस नेटवर्क में 25-30 लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जिनके लिंक जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद तक फैले हैं।

डॉ. शाहीन का सफर भी चौंकाने वाला है। लखनऊ की रहने वाली शाहीन ने प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से MBBS और MD किया। UPPSC क्रैक कर वह कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर बनी। लेकिन ड्यूटी से लंबे समय तक गायब रहने पर 2013 में उसकी नौकरी खत्म हो गई।

मैट्रिमोनियल साइट से शादी और दो बच्चों की मां बनने के बाद 2013 में उसका तलाक हो गया। पूर्व पति डॉ. जफर हयात के मुताबिक, एक समय शाहीन बुर्का पहनने से परहेज करती थी और विदेश में बसना चाहती थी। बाद में वह कट्टरपंथ की ओर झुक गई और 2019 में अल-फलाह यूनिवर्सिटी जॉइन करने के बाद JeM से जुड़ गई।

ब्रजे़ा कार (HR87U-9988) यूनिवर्सिटी कैंपस से बरामद की गई है, जबकि स्विफ्ट डिजायर कार की तलाश जारी है। इस नेटवर्क के कश्मीर और दुबई कनेक्शन भी सामने आए हैं। NIA, यूपी ATS, जम्मू-कश्मीर पुलिस और दिल्ली पुलिस ने शाहीन को श्रीनगर ले जाकर पूछताछ की है।

उत्तर प्रदेश IMA ने शाहीन की आजीवन सदस्यता रद्द कर दी है। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियां कर रही हैं।