अमेरिका में हरियाणा के बेटे की मौत

अमेरिका के टेक्सास में ट्रक पंचर होने के बाद खड़ी ट्रेन से टकराने से कुरुक्षेत्र के युवक संदीप सिंह की मौत हो गई। छह महीने पहले ही वह पिता बना था, गांव में शोक की लहर है।

अमेरिका में हरियाणा के बेटे की मौत

➤ अमेरिका में सड़क हादसे में कुरुक्षेत्र के युवक की मौत
➤ ट्रक पंचर होकर बेकाबू हुआ, खड़ी ट्रेन से जबरदस्त टक्कर
➤ 6 महीने का बेटा छोड़ गया पीछे, गांव में पसरा मातम


हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से ताल्लुक रखने वाले एक युवक की अमेरिका में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक युवक संदीप सिंह (32) टेक्सास में ट्रक चला रहा था, तभी अचानक ट्रक के पंचर हो जाने से वाहन बेकाबू हो गया और रेलवे फाटक के पास खड़ी ट्रेन से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि संदीप की मौके पर ही जान चली गई। इस हादसे ने न केवल अमेरिका में बसे परिवार को झकझोर दिया, बल्कि कुरुक्षेत्र के गांव कुम्हार माजरा में भी गहरा शोक छा गया है।

संदीप सिंह साल 2019 में बेहतर भविष्य की तलाश में अपने परिवार के साथ अमेरिका गया था। वह कैलिफोर्निया में रहकर ट्रक ड्राइविंग का काम करता था। बीते शुक्रवार को वह माल लेकर टेक्सास पहुंचा था। रास्ते में रेलवे फाटक के पास अचानक ट्रक पंचर हो गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रेन से जा टकराया। घटना के वक्त संदीप ट्रक में अकेला था।

हादसे के बाद संदीप गंभीर रूप से घायल हालत में काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। बाद में राहगीरों ने उसे देखकर पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अमेरिकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पुष्टि के लिए ट्रक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

संदीप सिंह इस्माइलाबाद के गांव कुम्हार माजरा का रहने वाला था। गांव में उसका बड़ा भाई डिंपल अपनी बुजुर्ग मां अमरजीत कौर के साथ रहता है। संदीप के पिता लखविंदर सिंह का एक साल पहले स्वास्थ्य कारणों से निधन हो चुका है। संदीप की शादी दो साल पहले कैथल के पोलड़ निवासी पवनदीप कौर से हुई थी। पत्नी दो साल पहले ही अमेरिका गई थी और करीब 6 महीने पहले ही संदीप पिता बना था

परिवार ने बताया कि संदीप की पत्नी और छह महीने का बेटा कैलिफोर्निया में ही रहते हैं। संदीप की बहन और बहनोई भी अमेरिका में ही बसे हुए हैं। इसी कारण परिवार ने अंतिम संस्कार अमेरिका में ही करने का फैसला लिया है। 6 फरवरी को जब गांव में बेटे की मौत की खबर पहुंची, तो पूरे गांव में मातम पसर गया।

मां अमरजीत कौर ने रोते हुए बताया कि उन्होंने बेटे और पोते की आवाज सुनने की उम्मीद में फोन उठाया था, लेकिन सामने मौत की खबर थी। गांव के लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। अमेरिका में बसे भारतीय समुदाय में भी इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।