कुरुक्षेत्र में अस्पताल के बाहर युवक की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
कुरुक्षेत्र में प्राइवेट अस्पताल के बाहर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को नशे की ओवरडोज की आशंका है। मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
कुरुक्षेत्र में प्राइवेट अस्पताल के बाहर युवक की संदिग्ध मौत
दो युवक बाइक पर छोड़कर गए, काफी देर तक तड़पता रहा पीड़ित
प्रारंभिक जांच में नशे की ओवरडोज की आशंका
कुरुक्षेत्र में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को दो लोग बाइक पर बीच में बैठाकर शहर के अंबेडकर चौक स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए थे। कुछ देर बाद युवक की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। प्रारंभिक तौर पर मामले में नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार रविवार को दो युवक एक अज्ञात व्यक्ति को बाइक पर बैठाकर शहर के सिग्नस हॉस्पिटल के बाहर पहुंचे। बताया जा रहा है कि युवक की हालत पहले से ही गंभीर थी। बाइक सवार उसे अस्पताल के बाहर बनी थड़ी के पास बैठाकर वहां से चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक करीब 10 मिनट तक अस्पताल के बाहर बैठा रहा। इस दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। वह पानी मांग रहा था और बुरी तरह छटपटा रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी हालत देखकर अस्पताल स्टाफ को सूचना दी।
अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत व्हीलचेयर मंगवाकर युवक को अंदर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। कर्मचारियों के अनुसार युवक के पैर सूजे हुए दिखाई दे रहे थे। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। बाद में सुभाष मंडी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि युवक को अस्पताल के बाहर छोड़कर जाने वाले दोनों लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।
pooja