सीएम निवास के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया
कुरुक्षेत्र में सीएम नायब सैनी के आवास पर यूथ कांग्रेस का वोट चोर अभियान के तहत प्रदर्शन। बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाया। 14 दिसंबर को खुलासा का दावा।
• कुरुक्षेत्र में सीएम निवास के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
• बैरिकेड तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया
• वोट चोरी के आरोप, 14 दिसंबर को बड़ा खुलासा का दावा
कुरुक्षेत्र में मंगलवार को सीएम नायब सिंह सैनी के सरकारी आवास के बाहर यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के तहत किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोट चोरी की गई और सत्ता को गलत तरीके से हासिल किया गया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के लिए भारी बैरिकेडिंग लगा रखी थी। जैसे ही यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति तनावपूर्ण बन गई, हालांकि लाठीचार्ज की नौबत आने से पहले हालात नियंत्रित कर लिए गए।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चीबड़ ने कहा कि उनका आंदोलन वोट चोरी के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी करके प्रधानमंत्री और नायब सैनी वोट चोरी करके मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट की इलेक्ट्रॉनिक कॉपी देने से चुनाव आयोग इंकार कर रहा है, सिर्फ स्कैन पेपर उपलब्ध कराया जाएगा और वीडियोग्राफी डिलीट की जा रही है। यह सब सच्चाई छिपाने की कोशिश है।
चीबड़ ने चेतावनी दी कि जब तक सीएम नायब सैनी इस्तीफा नहीं देते, यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को राहुल गांधी दिल्ली में बड़ा खुलासा करेंगे और वोट चोरी का पूरा खेल देश सामने आएगा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक भी हुई। अंततः पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर स्थिति को शांत किया।
Author1