चेयरमैन के घर फायरिंग करने वाले शूटर का Encounter , पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पकड़ा गया

कुरुक्षेत्र के लाडवा में चेयरमैन के घर फायरिंग करने वाले शूटर का पुलिस ने एनकाउंटर कर उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया।

चेयरमैन के घर फायरिंग करने वाले शूटर का  Encounter , पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पकड़ा गया

➤ संदिग्ध को रोकने पर बदमाश ने की फायरिंग
➤ जवाबी कार्रवाई में टांग में गोली लगने से काबू
➤ सिपाही की बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान


हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में चेयरमैन के घर फायरिंग करने वाले शूटर का पुलिस ने एनकाउंटर कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अर्जुन निवासी कोसीकला, जिला मथुरा (यूपी) के रूप में हुई है, जिसे मुठभेड़ के दौरान टांग में गोली लगी और बाद में लाडवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

सीआईए-एक टीम को सूचना मिली थी कि हिनौरी रोड पर बिना नंबर की बाइक पर एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें दोनों तरफ से करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलीं।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के सिपाही विकास कुमार को भी गोली लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपी को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार फायरिंग करता रहा। अंततः जवाबी कार्रवाई में उसकी टांग में गोली मारकर उसे काबू किया गया।

जांच में सामने आया कि 15-16 अप्रैल की रात को आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अग्रवाल कॉलोनी में हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन रजनीश बंसल के घर पर फायरिंग की थी। वारदात से पहले आरोपी ने घर के अंदर एक पर्ची फेंकी थी, जिस पर अंग्रेजी में “Shubham Pandit, Kartik Sharma; Rudra Bansal Jaldi milte hai” लिखा हुआ था।

पूछताछ में आरोपी अर्जुन ने कबूल किया कि उसी ने पर्ची फेंकी थी और साथी के साथ मिलकर घर पर गोलियां चलाई थीं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे।

इस मामले में पुलिस पहले ही जिला मोहाली के विशाल और अरुणवीर को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और घटना के पीछे की वजह की गहराई से जांच कर रही है।