CIA और बदमाशों में मुठभेड़, दोनों आरोपियों के पैरों में लगी
कुरुक्षेत्र में CIA टीम और फायरिंग केस के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि ASI की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई।
• कुरुक्षेत्र में CIA टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली
• गांधी नगर फायरिंग कांड के आरोपी कपिल और टोनी गिरफ्तार
• बदमाशों की गोली ASI की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, बड़ा हादसा टला
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में मंगलवार रात CIA-1 टीम और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर शाहाबाद के रतनगढ़ क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांधी नगर निवासी कपिल (32) और टोनी (33) के रूप में हुई है। दोनों रविवार को गांधी नगर में हुई फायरिंग की वारदात में वांछित थे, जिसमें अमन और प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
CIA-1 प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी रतनगढ़ क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर निर्माणाधीन जाट धर्मशाला के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल पर भागने लगे।
पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से करीब छह से सात राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण का मौका दिया, लेकिन वे लगातार गोलियां चलाते रहे।
मुठभेड़ के दौरान एक गोली CIA में तैनात ASI राहुल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। घायल अवस्था में दोनों को पहले शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल रेफर करने की तैयारी की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका इस्तेमाल अन्य आपराधिक घटनाओं में भी हुआ है या नहीं।
पुलिस जांच के अनुसार कपिल और टोनी रविवार तड़के गांधी नगर में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे। उस हमले में अमन और प्रिंस को गोलियां लगी थीं। दोनों घायलों को पहले कुरुक्षेत्र के अस्पताल और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था।
प्रारंभिक जांच में मामला सट्टेबाजी और जुए के कारोबार से जुड़े विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन और वर्चस्व को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था।
गौरतलब है कि फायरिंग के बाद आरोपी स्कॉर्पियो में फरार हो रहे थे। पीछा किए जाने पर उनकी स्कॉर्पियो सड़क किनारे नाले में गिर गई थी। इसके बावजूद दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। पुलिस तभी से उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
Akhil Mahajan