हरियाणा में चेयरमैन के घर 18 राउंड फायरिंग, इलाके में दहशत
कुरुक्षेत्र के लाडवा में कॉलेज चेयरमैन के घर 18 राउंड फायरिंग हुई। रंगदारी कॉल के चलते पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है।
➤ कॉलेज चेयरमैन के घर 18 राउंड फायरिंग
➤ रंगदारी कॉल के बाद वारदात से हड़कंप
➤ नकाबपोश बदमाश फरार, पुलिस जांच तेज
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कॉलेज चेयरमैन रजनीश बंसल के घर पर नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना के समय घर पर चेयरमैन का परिवार मौजूद नहीं था। परिवार चंडीगढ़ में रहता है और घर की देखरेख के लिए एक नौकर को रखा गया है। वारदात के दौरान घर में केवल नौकर ओम प्रकाश मौजूद था, जो डर के कारण बाहर नहीं निकल पाया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रजनीश बंसल को पहले भी कई बार रंगदारी की धमकियां मिल चुकी हैं। इसी कारण उन्हें चंडीगढ़ में सुरक्षा भी प्रदान की गई है। शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को रंगदारी से जोड़कर देख रही है।
घटना की सूचना मिलते ही DSP निर्मल सिंह, SHO गुरनाम सिंह और CIA टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे बाइक पर आए दो बदमाशों ने अग्रवाल कॉलोनी में स्थित घर को निशाना बनाया। फायरिंग इतनी तेज थी कि घर के शीशे चकनाचूर हो गए और पड़ोसियों के घरों में भी गोलियों के खोल जा गिरे।
पड़ोसी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने तेज आवाज सुनकर बाहर देखा तो उनके घर के आंगन में भी गोलियों के खोल पड़े थे। घटना के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan