हरियाणा पुलिस का ASI लग्‍जरी गाड़ी में कर रहा था अफीम तस्‍करी, गिरफ्तार, तीन साथी भी धरे

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के ज्योतिसर पुलिस चौकी में तैनात एएसआई रण सिंह को यूपी पुलिस ने अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। बरेली में चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की गाड़ी से 360 ग्राम अफीम बरामद हुई। तीन साथी भी पकड़े गए, सभी जेल भेजे गए।

हरियाणा पुलिस का ASI लग्‍जरी गाड़ी में कर रहा था अफीम तस्‍करी, गिरफ्तार, तीन साथी भी धरे
  • कुरुक्षेत्र पुलिस का एएसआई रण सिंह यूपी में अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार

  • यूपी के बरेली में चेकिंग के दौरान पकड़ी गई हरियाणा नंबर की क्रेटा कार से 360 ग्राम अफीम बरामद

  • तीन साथी भी काबू, हरियाणा पुलिस में मचा हड़कंप, आरोपी ज्योतिसर चौकी में तैनात था


हरियाणा पुलिस विभाग के लिए शर्मनाक खबर सामने आई है। कुरुक्षेत्र जिला पुलिस में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) रण सिंह को उत्तर प्रदेश पुलिस ने अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। बरेली पुलिस ने इस कार्रवाई में रण सिंह के तीन साथियों को भी पकड़ा है। चारों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई बुधवार, 8 अक्टूबर को हुई जब बरेली पुलिस ने सिरौली कस्बे के चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध हरियाणा नंबर की क्रेटा कार को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर ड्राइवर ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन कल्याणपुर तिराहे पर पुलिस ने कार को घेरकर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।

गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस को 360 ग्राम अफीम, छह मोबाइल फोन, एक सोने की चेन, एक कड़ा, दो घड़ियां, अंगूठियां और 51 हजार रुपए नकद बरामद हुए।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान करनाल जिले के ललैज गांव निवासी रण सिंह (ASI, ज्योतिसर पुलिस चौकी, कुरुक्षेत्र), ज्योतिसर के मेहरबान, मोहम्मद हसन, और बरसालू गांव (करनाल) के योगेश कुमार के रूप में हुई है।

बरेली पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह यूपी से अफीम खरीदकर हरियाणा में सप्लाई करता था। रण सिंह पुलिस में रहते हुए भी इस गिरोह के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि रण सिंह पहले भी विभागीय कार्रवाई का सामना कर चुका है। छह महीने पहले उसे शाहाबाद चौकी से लाइन हाजिर किया गया था, क्योंकि वह बिना सूचना चौकी से लापता हो गया था। बाद में उसे ज्योतिसर चौकी में दोबारा तैनात किया गया था।

हरियाणा पुलिस की ओर से अब तक रण सिंह के खिलाफ कोई औपचारिक कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं