पेट्रोल-डीजल के रोज बढ़ेंगे रेट, BJP से स्थिति कंट्रोल से बाहर,कार-साइकिल पर फोटो खिंचवाकर कुछ दिन करेंगे दिखावा
सिरसा में सांसद कुमारी सैलजा ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा- हालात कंट्रोल से बाहर हैं और आम आदमी पर बोझ बढ़ेगा।
➤ सांसद कुमारी सैलजा बोलीं- पेट्रोल-डीजल के रेट अब रोज बढ़ेंगे
➤ BJP सरकार पर साधा निशाना, कहा- स्थिति कंट्रोल से बाहर
➤ साइकिल और बस में घूमना सिर्फ दिखावा, कुछ दिन फोटो खिंचवाएंगे
हरियाणा के सिरसा दौरे पर पहुंचीं कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने मंगलवार को पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ना “रोज का मामला” बन जाएगा, क्योंकि सरकार की पूरी स्थिति पर पकड़ नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने लोकसभा चुनाव तक जानबूझकर कीमतें रोके रखीं और चुनाव खत्म होते ही जनता पर बोझ डालना शुरू कर दिया।
सैलजा ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि चुनाव खत्म होने के बाद सरकार पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाएगी और अब वही हो रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन के दाम बढ़ने का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है। किसान, दुकानदार, ट्रांसपोर्टर और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। इससे देश की पूरी अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा नेताओं के बयानों पर भी निशाना साधा। कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार हर बार नेहरू और कांग्रेस को कोसने लगती है, जबकि आज की स्थिति पर जवाब देने से बचती है। उन्होंने कहा कि जनता अब वर्तमान सरकार से जवाब मांग रही है, पुराने मुद्दों से नहीं।
वैश्विक हालात और कच्चे तेल की कीमतों के सवाल पर सैलजा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संकट से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन उससे निपटने की तैयारी सरकार की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी वैश्विक संकट आया था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने आम जनता पर सीधा बोझ नहीं डाला था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन की बचत और सोना खरीदने को लेकर दिए गए संदेश पर भी सैलजा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बयान इस बात का संकेत है कि सरकार के कंट्रोल से स्थिति बाहर होती जा रही है। सरकार को लोगों को यह बताना चाहिए कि संकट से निपटने के लिए उसकी क्या रणनीति है।
भाजपा नेताओं द्वारा साइकिल और बस में सफर करने के सवाल पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह सब “दिखावा” है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन तक नेता फोटो खिंचवाएंगे और फिर सब पहले जैसा हो जाएगा। सैलजा ने कहा कि पहले भी सफाई अभियान को लेकर इसी तरह प्रचार किया गया था, लेकिन जमीन पर हालात अलग हैं।
इस दौरान सांसद कुमारी सैलजा ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लगातार पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने की घटनाओं ने साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार परीक्षा व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है। सरकार जवाबदेही से बच नहीं सकती।
सैलजा ने सिरसा शहर की समस्याओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शहर में सड़कों की हालत खराब है, पानी निकासी की व्यवस्था कमजोर है और लोगों की जमीन बिना सहमति के अधिग्रहित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी।
Akhil Mahajan