22 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेंगे बाबा केदारनाथ के कपाट- फूलों से सजी केदारपुरी, भक्तों में जबरदस्त उत्साह

केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेंगे। बाबा की डोली केदारपुरी के करीब पहुंची, फूलों से सजा धाम और हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल।

22 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेंगे बाबा केदारनाथ के कपाट- फूलों से सजी केदारपुरी, भक्तों में जबरदस्त उत्साह

केदारनाथ धाम यात्रा अपने चरम पर, बाबा की डोली केदारपुरी के करीब
22 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेंगे कपाट, भक्तों में उत्साह चरम पर
फूलों से सजी केदारपुरी, हजारों श्रद्धालु डोली के साथ पैदल यात्रा में शामिल


ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम की पावन यात्रा अब अपने सबसे अहम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। “बम-बम भोले” के जयकारों और भक्ति के माहौल के बीच बाबा केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अब केदारपुरी के बेहद करीब पहुंच गई है।

धाम के कपाट खुलने से पहले पूरी केदारपुरी को कई क्विंटल फूलों से दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। हर ओर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

सोमवार को बाबा की डोली फाटा से रवाना होकर बड़ासू, शेरसी, रामपुर और सीतापुर होते हुए शाम करीब 4 बजे गौरीकुण्ड पहुंची। रास्ते में सोनप्रयाग से लेकर गौरीकुण्ड तक श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और अक्षत के साथ डोली का भव्य स्वागत किया।

रात में डोली ने गौरी माई मंदिर, गौरीकुण्ड में विश्राम किया। इससे पहले डोली ओंकारेश्वर मंदिर (शीतकालीन गद्दीस्थल) से रवाना होकर गुप्तकाशी पहुंची थी, जहां आर्मी बैंड की सुरीली धुनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

मंगलवार सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बाद डोली गौरीकुण्ड से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो चुकी है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए डोली के साथ-साथ चल रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक डोली मंदिर परिसर में पहुंच जाएगी

अब भक्तों की नजरें 22 अप्रैल सुबह 8:00 बजे के उस पावन और ऐतिहासिक क्षण पर टिकी हैं, जब वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।