करनाल में यमुना में डूबे 3 युवक, गंगा दशहरे पर बड़ा हादसा

करनाल के लालूपुरा घाट पर गंगा दशहरे के दौरान यमुना में नहाने गए 3 युवक डूब गए। ग्रामीणों ने प्रशासन पर राहत कार्य में देरी का आरोप लगाया है।

करनाल में यमुना में डूबे 3 युवक, गंगा दशहरे पर बड़ा हादसा
  • गंगा दशहरे पर यमुना में नहाने गए 3 युवक डूबे
  • 4 घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची नाव और गोताखोर टीम
  • ग्रामीणों ने खुद नदी में उतरकर शुरू किया सर्च ऑपरेशन

हरियाणा के करनाल में गंगा दशहरे के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। लालूपुरा घाट के पास यमुना में नहाने गए 3 युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कई घंटे बाद तक भी प्रशासन की ओर से नाव और गोताखोर टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

यमुना में स्नान करते लोग व यमुना में तीनों युवकों की तलाश करते ग्रामीण।

जानकारी के अनुसार 7 युवक गंगा दशहरे पर स्नान करने के लिए यमुना घाट पहुंचे थे। शुरुआत में सभी कम गहराई वाले हिस्से में नहा रहे थे, लेकिन बाद में कुछ युवक आगे गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान मुबारकाबाद निवासी रमेश कुमार अचानक गहरे पानी में डूबने लगा।

रमेश को बचाने के लिए कुटेल गामड़ी निवासी 19 वर्षीय मोंटी उर्फ मंगतराम आगे बढ़ा, लेकिन वह भी तेज बहाव और गहराई में फंस गया। इसके बाद 23 वर्षीय संजू ने दोनों को बचाने के लिए छलांग लगा दी, लेकिन वह भी पानी में समा गया। बताया जा रहा है कि जहां हादसा हुआ वहां पानी की गहराई करीब 30 फुट थी।

बेटे की मौत के बाद विलाप करती मां और दादी।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और ग्रामीण बड़ी संख्या में यमुना किनारे जमा हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 4 घंटे तक न नाव पहुंची और न ही गोताखोर टीम आई।

प्रशासन की धीमी कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने खुद ही नदी में उतरकर युवकों की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया और युवकों को खोजने की कोशिश की।

मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि संजू दो बच्चों का पिता था और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। वहीं रमेश 7 भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घरौंडा थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि यमुना में 3 युवकों के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और सर्च ऑपरेशन जारी है। दूसरी तरफ ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते राहत टीम पहुंच जाती तो शायद युवकों को बचाया जा सकता था।