करनाल में दिनदहाड़े महिला क्लर्क की हत्या: घर के बाहर सिर में मारी गोली, CCTV में कैद हुई वारदात

करनाल के सेक्टर-9 में बिजली निगम की महिला क्लर्क डिंपल अरोड़ा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेलमेट पहनकर आए युवक ने सिर में गोली मारी और फरार हो गया। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है।

करनाल में दिनदहाड़े महिला क्लर्क की हत्या: घर के बाहर सिर में मारी गोली, CCTV में कैद हुई वारदात

➤ हेलमेट पहनकर आए युवक ने महिला के सिर से सटाकर मारी गोली
➤ बिजली निगम की क्लर्क और यूनियन प्रधान थीं डिंपल अरोड़ा
➤ घर के बाहर स्कूटी पर बैठी थीं महिला, CCTV में कैद हुआ मर्डर


हरियाणा के करनाल में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सेक्टर-9 में घर के बाहर बैठी एक महिला क्लर्क की अज्ञात युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी हेलमेट पहनकर आया और महिला के सिर से सटाकर फायर करने के बाद मौके से फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

मृतका की पहचान डिंपल अरोड़ा (40) के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं और कर्मचारी यूनियन की प्रधान भी बताई जा रही हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

महिला क्लर्क की हत्या के बाद एसपी नरेंद्र बिजारणिया घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डिंपल अरोड़ा दोपहर के समय खाना खाने के लिए घर आई थीं। वह घर के बाहर अपनी स्कूटी पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान एक युवक हेलमेट पहनकर वहां पहुंचा और बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही डिंपल जमीन पर गिर गईं और आरोपी तुरंत वहां से फरार हो गया।

स्थानीय निवासी दिलबाग सिंह ने बताया कि गोली चलने की तेज आवाज सुनकर लोग बाहर निकले। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद महिला को चक्कर आया है, लेकिन जब सिर से खून बहता देखा गया तो तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी युवक पीछे से आता और महिला के सिर पर सटाकर गोली मारता हुआ दिखाई दे रहा है। वारदात की तस्वीरें सामने आने के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। SP नरेंद्र बिजारणिया भी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, पेशेवर विवाद और अन्य एंगल से मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान के लिए CCTV फुटेज और आसपास के तकनीकी सबूतों को खंगाला जा रहा है।