हैवानियत: बुजुर्ग से शादी से इंकार किया तो युवती पर खौलता पानी डालने का आरोप, 50% झुलसी

फरीदाबाद में 23 वर्षीय युवती पर सोते समय खौलता पानी डालने का आरोप है। युवती ने बुजुर्ग से शादी कराने और 3 लाख रुपये में सौदा तय होने का दावा किया है। वह करीब 50 फीसदी झुलस गई और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती है। पुलिस जांच कर रही है।

हैवानियत:  बुजुर्ग से शादी से इंकार किया तो युवती पर खौलता पानी डालने का आरोप, 50% झुलसी

बुजुर्ग से शादी का विरोध करने पर युवती को जलाने का आरोप
3 लाख रुपये में शादी का सौदा तय होने का दावा
50 फीसदी झुलसी युवती सफदरजंग अस्पताल में ICU में भर्ती


फरीदाबाद। फरीदाबाद में 23 वर्षीय युवती के साथ बेहद गंभीर घटना सामने आई है। युवती का आरोप है कि बुजुर्ग व्यक्ति से शादी कराने का विरोध करने पर उस पर सोते समय खौलता पानी डाल दिया गया। युवती के मुताबिक, उसे करीब 3 लाख रुपये में बेचने की तैयारी की जा रही थी और बार-बार विरोध करने पर उसके शरीर पर गर्म पानी डालकर जला दिया गया। घटना में युवती करीब 50 फीसदी तक झुलस गई। उसके सीने, हाथ और शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। युवती को पहले बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक, युवती को ICU में भर्ती किया गया है।

शादी से इनकार करने पर विवाद बढ़ने का दावा

युवती की पहचान प्रीति के रूप में हुई है। वह बिहार के टिक्का टोला शहापुर की रहने वाली बताई गई है। उसके मौसा पंकज के मुताबिक, करीब दो साल पहले प्रीति की शादी फरीदाबाद के कुरेशीपुर निवासी रोहित से हुई थी। रोहित निजी कंपनी में काम करता है। दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। करीब दो महीने पहले प्रीति अपने पति से अलग हो गई।

इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र और ललिता के संपर्क में आई। दोनों प्रीति के घर आते-जाते थे और उसके साथ उनका मेलजोल भी था।

बेटी की तरह रखने का भरोसा देकर साथ ले जाने का आरोप

प्रीति के मौसा पंकज का आरोप है कि धर्मेंद्र और ललिता ने उसे भरोसा दिया था कि वे उसे बेटी की तरह रखेंगे और बाद में अपने घर से उसकी शादी करके विदा करेंगे। इसके बाद प्रीति उनके साथ रहने लगी। मौसा ने यह भी आरोप लगाया कि पति से अलग होने में भी दोनों की भूमिका थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।

करीब दो महीने तक उनके साथ रहने के दौरान प्रीति को कथित तौर पर पता चला कि उसकी शादी एक 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति से कराने की तैयारी की जा रही है। युवती का दावा है कि इसके लिए 3 लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। उसने शादी का विरोध किया तो घर में विवाद बढ़ गया।

तड़के 4 बजे सोते समय खौलता पानी डालने का आरोप

प्रीति के मुताबिक, 16 अगस्त को तड़के करीब 4 बजे, जब वह सो रही थी, तभी धर्मेंद्र और ललिता ने उस पर खौलता पानी डाल दिया। युवती का आरोप है कि गर्म पानी से उसका करीब आधा शरीर झुलस गया। उसके सीने, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर जलने की चोटें आईं।

आरोप है कि घटना के बाद भी उसे इलाज के लिए बाहर नहीं जाने दिया गया। युवती के मुताबिक, उसे कमरे में बंद कर दिया गया और उसका मोबाइल भी अपने पास रख लिया गया।

पड़ोस की युवती को हुई जानकारी

प्रीति के साथ कुछ गलत होने की जानकारी उसके पड़ोस में रहने वाली ननद को हुई। इसके बाद उसने प्रीति के मौसा पंकज को मामले की जानकारी दी। पंकज 18 अगस्त की शाम कुरेशीपुर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि घर का दरवाजा नहीं खोला गया।

इसके बाद 19 अगस्त को पंकज पुलिस को साथ लेकर वहां पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़कर प्रीति को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बीके अस्पताल से दिल्ली किया गया रेफर

प्रीति को सबसे पहले बीके अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के करीब एक घंटे बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, दिल्ली पहुंचने के बाद उसे ICU में भर्ती किया गया है।

फिलहाल डॉक्टरों की ओर से युवती की मेडिकल स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने कहा- बयान के बाद आगे की कार्रवाई

धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक, युवती दिल्ली के अस्पताल में भर्ती है। पुलिस उसका बयान लेने के लिए वहां जाएगी। पुलिस ने फिलहाल युवती के इस आरोप की पुष्टि नहीं की है कि उसकी शादी 3 लाख रुपये में तय की गई थी।

पुलिस का कहना है कि युवती का बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सामने आए आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा रहा है।