हरियाणा में हादसा: ट्रक की टक्कर से पिकअप पलटी: 2 बच्चों की मौत, छह के करीब घायल
पिकअप और ट्रक की टक्कर में 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ करनाल-कुरुक्षेत्र बॉर्डर पर NH-44 पर पिकअप और ट्रक की जोरदार टक्कर
➤ हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत, कई लोग गंभीर रूप से घायल
➤ ट्रक ड्राइवर फरार, पुलिस CCTV खंगालकर कर रही जांच
रविवार देर रात करनाल-कुरुक्षेत्र बॉर्डर पर नेशनल हाईवे-44 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक पिकअप को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पिकअप हाईवे पर करीब 10 फीट दूर जाकर पलट गई। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना जीटी रोड कासु ढाबे के पास हुई। पिकअप में करीब 14-15 लोग सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले मजदूर थे और पंजाब से अपने घर लौट रहे थे। हादसे में मौके पर ही संध्या (6) पुत्री राजेंद्र निवासी यूपी और रोहित (5) पुत्र जोगिंदर निवासी यूपी की मौत हो गई। चीख-पुकार के बीच लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार करीब 70-80 किलोमीटर थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क पर पलट गई और उसमें बैठे लोग इधर-उधर जा गिरे। दो मासूम पिकअप के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई। हादसे के बाद सड़क पर बिखरा सामान, खून से सनी ज़मीन और रोते-बिलखते परिजन दिल दहला देने वाला मंजर पेश कर रहे थे।
पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा। दोनों बच्चों के शवों को करनाल मोर्चरी हाउस भिजवाया गया। पुलिस के मुताबिक पिकअप में सवार परिवार मजदूरी करता था और त्योहारों से पहले बदायूं (यूपी) स्थित अपने घर लौट रहा था।
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन अज्ञात है और उसकी पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में साफ हुआ है कि हादसा ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Akhil Mahajan