नाबालिग दुल्हन 5 माह की गर्भवती, स्कूल रिकॉर्ड से खुला बाल विवाह का मामला
करनाल में नाबालिग लड़की की शादी का मामला सामने आया है। जांच में लड़की की उम्र 16 साल पाई गई, जबकि वह वर्तमान में पांच माह की गर्भवती है।
करनाल में नाबालिग लड़की की शादी का मामला उजागर
शादी के समय लड़की की उम्र 16 साल, दूल्हा 30 साल से अधिक का
नाबालिग पांच माह की गर्भवती, पुलिस ने दर्ज किया केस
हरियाणा के करनाल में बाल विवाह का एक मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि शादी के समय लड़की नाबालिग थी, जबकि युवक की उम्र 30 वर्ष से अधिक थी। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बाल विवाह निषेध कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह मामला 30 मार्च 2026 को दर्ज हुई शिकायत से जुड़ा है। शिकायत बाल कल्याण समिति के माध्यम से संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी के पास पहुंची थी। इसके बाद अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की और पुलिस अधीक्षक करनाल को भेजी।
जांच में सामने आया कि सिरसा जिले के एक गांव की रहने वाली लड़की की शादी 20 जनवरी 2026 को कैथल जिले के एक गांव के रहने वाले युवक से हुई थी। वर्तमान में दोनों करनाल की एक कॉलोनी में रह रहे हैं।
जांच के दौरान प्रस्तुत किए गए स्कूल त्याग प्रमाण पत्र में लड़की की जन्मतिथि 9 दिसंबर 2009 दर्ज मिली। इस आधार पर शादी के दिन उसकी उम्र 16 वर्ष 1 माह 11 दिन थी। दस्तावेजों के आधार पर लड़की को नाबालिग पाया गया।
वहीं युवक के स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट में जन्मतिथि 27 मई 1995 दर्ज है। इस हिसाब से शादी के समय उसकी उम्र 30 वर्ष 7 माह 24 दिन थी। जबकि आधार कार्ड और आयकर विभाग के दस्तावेजों में उसकी जन्मतिथि 1 जनवरी 1995 दर्ज है, जिससे उसकी उम्र 31 वर्ष से अधिक बनती है।
जांच के दौरान युवक के पिता ने भी अधिकारियों के समक्ष पेश होकर आवश्यक दस्तावेज और बयान सौंपे। उन्होंने परिवार से संबंधित जानकारी देते हुए लड़की का स्कूल त्याग प्रमाण पत्र और युवक के दस्तावेज जांच टीम को उपलब्ध कराए।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नाबालिग लड़की वर्तमान में करीब पांच माह की गर्भवती है और अपने पति के साथ करनाल में रह रही है। दस्तावेजों, बयानों और जांच रिपोर्ट के आधार पर अधिकारियों ने माना कि शादी के समय लड़की नाबालिग थी।
रिपोर्ट के आधार पर इस मामले को बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत संज्ञेय अपराध माना गया। इसके बाद 6 जून को करनाल सिटी थाना में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी पीएसआई सुमनलता को सौंपी गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तथ्यों और कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।
pooja