करनाल में घने कोहरे में वाहन टक‍राए, चार वोल्वो बसें और स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त, डेढ़ सौ यात्री बाल बाल बचे

करनाल में घने कोहरे के कारण नेशनल हाइवे पर चार वोल्वो बसें और एक स्कॉर्पियो आपस में भिड़ गईं। हादसे में 150 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित रहे।

करनाल में घने कोहरे में वाहन टक‍राए,  चार वोल्वो बसें और स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त, डेढ़ सौ यात्री बाल बाल बचे
  • घने कोहरे में नेशनल हाइवे पर पांच वाहन आपस में भिड़े

  • चार वोल्वो बसें और एक स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त

  • 150 यात्री सवार थे, कोई हताहत नहीं हुआ



हरियाणा के करनाल जिले में घने कोहरे के कारण नेशनल हाइवे पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कम दृश्यता के चलते अचानक ब्रेक लगने से एक के बाद एक वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में चार वोल्वो बसें और एक स्कॉर्पियो गाड़ी शामिल रही। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

कोहरे में दुर्घटना का शिकार हुई बस।

जानकारी के अनुसार, हाईवे पर आगे चल रहे एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही बसों को संभलने का मौका नहीं मिला। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे चारों वोल्वो बसें आपस में भिड़ गईं। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो भी हादसे की चपेट में आ गई।

आगे से क्षतिग्रस्त वॉल्वो बस।

हादसे के समय बसों में करीब 150 यात्री सवार थे। जोरदार टक्कर के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस में सो रहे यात्रियों को तेज झटके से नींद खुली और उन्हें हादसे की जानकारी मिली। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।

मौके पर पहुंची पुलिस और डायल-112 की टीमों ने स्थिति संभाली। क्षतिग्रस्त बसों और स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से सड़क किनारे करवाया गया। इसके बाद नेशनल हाइवे पर यातायात को दोबारा सुचारु किया गया।

पुलिस ने कोहरे के मौसम में वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वाहन चलाते समय निर्धारित दूरी बनाए रखें और तेज रफ्तार से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।