रिश्वत में आईफोन-एप्पल वॉच मांग रहा था हरियाणा का DFSC, एसीबी ने किया गिरफ्तार
DFSC अनिल कुमार को गुरुग्राम ACB ने पंचकूला से गिरफ्तार किया। डिपो होल्डरों से कमीशन और रिश्वत में iPhone व Apple Watch मांगने के आरोप में FIR पहले ही दर्ज थी।
करनाल के DFSC अनिल कुमार को ACB ने पंचकूला से किया गिरफ्तार
डिपो होल्डरों से कमीशन और रिश्वत में iPhone–Apple Watch मांगने का आरोप
गुरुग्राम ACB ने ‘पीछा करो अभियान’ के तहत की कार्रवाई
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने करनाल के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक DFSC अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है। ACB की टीम ने अनिल कुमार को पंचकूला स्थित उनके आवास से दबोचा।
ACB के अनुसार अनिल कुमार पर डिपो होल्डरों से कमीशन मांगने और रिश्वत के तौर पर आईफोन और एप्पल वॉच लेने के गंभीर आरोप हैं। यह गिरफ्तारी ‘पीछा करो अभियान’ के तहत की गई है।
मामले की शुरुआत गुरुग्राम के मदनपुरी निवासी डिपो होल्डर रूपेश कुमार की शिकायत से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राशन वितरण के बदले सरकार से मिलने वाली राशि में से अधिकारियों द्वारा कमीशन वसूला जाता था। शिकायतकर्ता के अनुसार इसमें 5 प्रतिशत हिस्सा DFSC अनिल कुमार, जबकि शेष अन्य अधिकारियों को जाता था।
डिपो होल्डर ने यह भी आरोप लगाया कि मार्च 2024 में दबाव बनाकर अनिल कुमार ने उससे 1 लाख 21 हजार रुपए का आईफोन और ब्रांडेड वॉच ले ली। इसके अलावा घर में AC लगवाने और 35 हजार रुपए खाते में डलवाने का भी आरोप लगाया गया था।
शिकायत की जांच के बाद 9 अप्रैल 2025 को गुरुग्राम ACB ने तत्कालीन DFSC अनिल कुमार समेत तीन अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। फिलहाल अनिल कुमार करनाल में तैनात थे। ACB का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan