हिसार के लाल जस्टिस सूर्यकांत देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश बने

हरियाणा के हिसार जिले के जस्टिस सूर्यकांत देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। वे 23 नवंबर को बी. आर. गवई के रिटायर होने के बाद पदभार संभालेंगे और 9 फरवरी 2027 तक CJI रहेंगे।

हिसार के लाल जस्टिस सूर्यकांत देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश बने

हिसार के जस्टिस सूर्यकांत बनेंगे देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश
23 नवंबर को बी आर गवई की जगह संभालेंगे CJI का पद
9 फरवरी 2027 तक रहेंगे देश के सर्वोच्च न्यायालय के मुखिया

अशोक कुंडू


हरियाणा के हिसार जिले के गांव पेटवाड़ के रहने वाले जस्टिस सूर्यकांत शर्मा देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश (CJI) बनने जा रहे हैं। वे वर्तमान मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई के 23 नवंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद देश के सर्वोच्च न्यायालय की कमान संभालेंगे। उनका कार्यकाल 9 फरवरी 2027 तक रहेगा।

10 फरवरी 1962 को एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे जस्टिस सूर्यकांत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हरियाणा में प्राप्त की। उन्होंने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हिसार से 1981 में स्नातक की उपाधि हासिल की। इसके बाद महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से 1984 में विधि स्नातक (LLB) की डिग्री प्राप्त की।

विधि स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने 1984 में हिसार जिला न्यायालय से वकालत की शुरुआत की। मात्र एक वर्ष बाद, यानी 1985 में वे पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ में वकालत करने लगे। वहां उन्होंने अपने कानूनी कौशल और ईमानदारी से जल्द ही एक अलग पहचान बनाई।

उनकी योग्यता और दक्षता को देखते हुए 7 जुलाई 2000 को हरियाणा के सबसे युवा महाधिवक्ता (Advocate General) के रूप में नियुक्त किया गया। इसके बाद मार्च 2001 में वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) के रूप में नामित किया गया।

9 जनवरी 2004 को उन्हें पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया। अपने न्यायिक करियर में उन्होंने कई ऐतिहासिक निर्णय दिए और आमजन के अधिकारों से जुड़े मामलों में न्यायसंगत दृष्टिकोण अपनाया।

इसके बाद उन्हें 5 अक्टूबर 2018 से 23 मई 2019 तक हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद का कार्यभार सौंपा गया।

उनकी निष्ठा और कानूनी दक्षता को देखते हुए उन्हें 24 मई 2019 को भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश (Judge of Supreme Court of India) के रूप में पदोन्नत किया गया। और अब वे देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश बनने जा रहे हैं।

उनकी नियुक्ति हरियाणा और विशेष रूप से हिसार जिले के लिए गौरव की बात है। गांव पेटवाड़ के लोग जस्टिस सूर्यकांत की इस उपलब्धि को पूरे प्रदेश के सम्मान के रूप में देख रहे हैं।