हरियाणा में शिक्षक की पीट -पीटकर हत्‍या

जमीनी विवाद के चलते आईटीआई टीचर ओमप्रकाश की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो नामजद और अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया।

हरियाणा में शिक्षक की पीट -पीटकर हत्‍या
  • जींद के उचाना में आईटीआई टीचर की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या

  • जमीनी विवाद के चलते अजय-वजीर समेत 5-6 लोगों पर हत्या का आरोप

  • पुलिस ने दो नामजद और तीन-चार अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया


हरियाणा के जींद जिले के उचाना क्षेत्र में जमीनी विवाद के चलते आईटीआई टीचर की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार देर शाम तरखा रोड स्थित रेस्टोरेंट के पास हुई। सूचना मिलते ही उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान गांव खरकभूरा निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई है, जो शामली (उत्तर प्रदेश) स्थित आईटीआई में अध्यापक थे। वे दो दिन की छुट्टी पर गांव आए हुए थे। परिजनों के अनुसार, ओमप्रकाश गुरुवार शाम मोटरसाइकिल से अपने खेत में काम करने गए थे।

रात को गांव वालों ने सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि ओमप्रकाश के सिर, नाक, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। पास में उनकी मोटरसाइकिल और हेलमेट भी पड़ा था।

शिकायतकर्ता अभिषेक, जो मृतक का बेटा है, ने बताया कि उसे गांव के लोगों से पता चला कि गांव खरकभूरा निवासी अजय, वजीर और तीन-चार अन्य लोगों ने मिलकर उसके पिता पर हमला किया और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

परिजनों का कहना है कि अजय और वजीर के साथ परिवार का लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में योजना बनाकर हत्या की गई।

पुलिस ने अभिषेक की शिकायत पर अजय, सुनील और तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।