हरियाणा में फैक्टरी में ब्लास्ट, पांच युवक बुरी तरह झुलसे
हरियाणा के झज्जर के बेरी में तारकोल फैक्टरी में सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हुआ। धमाके में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रोहतक PGI रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
➤ झज्जर के बेरी में फैक्टरी ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी
➤ सिलेंडर फटने से पांच युवक गंभीर रूप से घायल
➤ घायलों को रोहतक PGI में कराया गया रेफर
हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी कस्बे में सोमवार शाम एक फैक्टरी में जोरदार धमाका हुआ। यह हादसा ढराणा मोड़ के पास स्थित तारकोल मोडीफाई करने वाली फैक्टरी में हुआ। फैक्टरी में नए टैंक बनाए जा रहे थे और उनकी टेस्टिंग के दौरान गैस सिलेंडर फट गया।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्टरी में काम कर रहे कई मजदूर धमाके की चपेट में आ गए। हादसे में करीब 25 से 30 साल के पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत रोहतक PGI रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार धमाके की आवाज दूर-दराज तक सुनाई दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फैक्टरी प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
धमाके से फैक्टरी परिसर में कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने घायलों के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
Akhil Mahajan