कुवैत-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, Tissue पेपर में लिखी थी थ्रेट, अहमदाबार में इमरजेंसी लैंडिंग

कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। टिशू पेपर पर नोट मिलने के बाद विमान की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

कुवैत-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, Tissue पेपर में लिखी थी थ्रेट, अहमदाबार में इमरजेंसी लैंडिंग
  • कुवैत से दिल्ली आ रहे इंडिगो विमान को बम से उड़ाने की धमकी
  • अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
  • टिशू पेपर पर लिखा मिला धमकी भरा नोट, जांच जारी


कुवैत से दिल्ली आ रहे इंडिगो के यात्री विमान को बम से उड़ाने और हाईजैक करने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एहतियातन सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान की अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सूत्रों के अनुसार विमान के अंदर टिशू पेपर पर लिखा धमकी भरा नोट मिला, जिसमें प्लेन को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की बात कही गई थी।इसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं और सभी 180 यात्रियों तथा उनके सामान की गहन जांच की गई। एयरपोर्ट पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान की पूरी तरह से तलाशी ली। प्राथमिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद प्रोटोकॉल के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस घटना के चलते दिल्ली जाने वाली उड़ान में करीब दो घंटे की देरी हो सकती है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में इंडिगो की कई फ्लाइट्स को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे हवाई सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।

हाईजैक करने और बम से उड़ाने की धमकी
जानकारी के मुताबिक एक टिशू पेपर पर लिखे नोट में प्लेन को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिसके बाद सभी 180 यात्रियों और उनके सामान की अच्छी तरह से जांच की गई और हर यात्री की पहचान की पुष्टि की जा रही है। इधर, विमान की सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसवीपीआईए) पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई है।


18 और 22 जनवरी को भी मिली थी धमकी
आज की घटना से पहले 18 जनवरी और 22 जनवरी को भी इसी तरह की घटना सामने आई थी।  18 जनवरी (रविवार) को दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम की धमकी मिली थी। जिसको आनन-फानन में लखनऊ की ओर मोड़ा गया था।