भारत की बेटियों का कमाल, 47 साल बाद महिला क्रिकेट में वर्ल्ड कप चैंपियन बना देश, हरियाणा की बेटी का बड़ा योगदान
भारत की महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीत लिया। दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट झटके, शेफाली वर्मा ने 87 रनों की शानदार पारी खेली।
• भारत की बेटियों ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर वनडे वर्ल्ड कप जीता
• दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 5 विकेट झटके
• शेफाली वर्मा की 87 रनों की पारी और हरमनप्रीत की कप्तानी से भारत वर्ल्ड चैंपियन
भारत की महिला क्रिकेट टीम ने आखिरकार 47 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को नवी मुंबई के DY पाटील स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया विमेंस ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया और क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ा। इस जीत के साथ भारत महिला क्रिकेट में भी विश्व चैंपियन बन गया।
मैच की शुरुआत में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शानदार 87 रनों की पारी खेलकर नींव मजबूत की। स्मृति मंधाना ने 45, दीप्ति शर्मा ने 58 और ऋचा घोष ने 34 रन जोड़े। टीम इंडिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
साउथ अफ्रीका की ओर से आयाबोंगा खाका ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ्रीकी टीम 246 रनों पर ऑलआउट हो गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने 101 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से मैच पलट दिया और 5 विकेट लेकर टूर्नामेंट की टॉप विकेट टेकर बनीं।
फाइनल मुकाबले में भारत के खिलाड़ियों ने हर मोर्चे पर संतुलित प्रदर्शन किया। फील्डिंग में अमनजोत कौर, राधा यादव और श्री चरणी ने शानदार योगदान दिया। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने दबाव में भी संयम बनाए रखा।
भारत ने इस मुकाबले से पहले 47 वर्षों में कई बार सेमीफाइनल और फाइनल में जगह बनाई, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी थी। इस बार पूरी टीम ने मिलकर इतिहास लिखा। जीत के बाद स्टेडियम में “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठी। खिलाड़ियों ने तिरंगा लहराते हुए जीत का जश्न मनाया और दर्शक दीर्घा में मौजूद प्रशंसक भावुक हो उठे।
साउथ अफ्रीका की ओर से लौरा वोल्वार्ट ने लगातार दूसरा शतक जमाया। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 169 रन बनाए थे। लेकिन फाइनल में भारत के गेंदबाजों के सामने अफ्रीकी पारी टिक नहीं सकी।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरा देश गर्व से झूम उठा है। प्रधानमंत्री से लेकर खेल जगत की हस्तियों तक ने टीम इंडिया विमेंस को बधाई दी है।
उधर , इस ऐतिहासिक जीत में हरियाणा के रोहतक की बेटी शेफाली वर्मा का शानदार प्रदर्शन सबके बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वर्ल्ड कप फाइनल में शेफाली ने 87 रनों की विस्फोटक पारी खेली और एक विकेट भी झटका।
टीम इंडिया की इस जीत के बाद रोहतक के विजय नगर स्थित शेफाली वर्मा के घर में जश्न का माहौल बन गया। आसपास के मोहल्ले के लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई और परिवार को मिठाइयां खिलाकर बधाई दी। मोहल्ले में हर ओर “भारत माता की जय” और “शेफाली वर्मा ज़िंदाबाद” के नारे गूंज उठे।
शेफाली के पिता संजीव वर्मा और मां प्रेरणा वर्मा ने कहा कि बेटी ने पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि शेफाली बचपन से ही क्रिकेट की दीवानी थी और बचपन में भी लड़कों के साथ खेलती थी। आज उसकी मेहनत ने पूरे देश का नाम ऊंचा कर दिया है।
श्रीराम क्रिकेट एकेडमी, जहां शेफाली ने शुरुआती प्रशिक्षण लिया, वहां भी जश्न मनाया गया। एकेडमी के कोच और बच्चों ने वर्ल्ड कप जीत की खुशी में केक काटा और भारतीय तिरंगा लहराया।
पूरे रोहतक में इस जीत को लेकर उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जीत हरियाणा के लिए गर्व का क्षण है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने वाली है।
Author1