सालासर यात्रा में दर्दनाक हादसा, हिसार के तीन श्रद्धालुओं की मौत
हरियाणा के हिसार से सालासर बालाजी के दर्शन को जा रहे तीन श्रद्धालुओं की चुरू में सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, दो श्रद्धालु घायल। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
-
सालासर पदयात्रा के दौरान सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत
-
अज्ञात वाहन ने हिसार-जयपुर हाईवे पर मारी टक्कर, दो श्रद्धालु गंभीर घायल
-
मृतकों में जीजा-साला समेत तीन युवक, परिजनों में मचा कोहराम
हिसार से सालासर बालाजी के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं का सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। रविवार सुबह चुरू जिले के पास हिसार-जयपुर नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरातफरी मच गई और वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गया।
घटना होटल पैराडाइज के पास सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के दल में ये तीन युवक हाथों में ध्वजा लिए बालाजी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने इन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक बिना रुके भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान प्रीतम सिंह (34), सुरेंद्र ढांडा (32) और मनजीत जाट (30) के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के हिसार जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। सुरेंद्र और मनजीत आपस में जीजा-साला थे, जबकि प्रीतम सिंह उनका मित्र था। प्रीतम हिसार के पेट्रोल पंप पर सेल्समैन, सुरेंद्र एक निजी अकादमी में कर्मचारी और मनजीत खेती-किसानी करता था।
परिजनों के अनुसार, ये तीनों युवक 2 अक्टूबर की सुबह 4 बजे आदमपुर के न्यौली कला गांव से सालासर पदयात्रा के लिए रवाना हुए थे। पैदल यात्रा के दौरान वे एक बाइक साथ लेकर चल रहे थे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सामान रखा जा सके। हादसे के समय तीनों सड़क किनारे पैदल चल रहे थे, जबकि उनके दो साथी बाइक पर आगे निकल गए थे। जब साथी कुछ देर बाद पीछे लौटे, तो सड़क पर हादसे का मंजर देखकर सन्न रह गए।
चुरू पुलिस ने बताया कि हादसे में चुरू के लंबोर छिपियान गांव के प्रशांत (19) और रतनपुरा के विकास (36) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को पहले डीबी हॉस्पिटल चुरू में भर्ती कराया गया, फिर स्थिति नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की खबर जैसे ही हिसार और आसपास के गांवों में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांवों के लोग श्रद्धांजलि देने के लिए परिजनों के घर पहुंच रहे हैं। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और सालासर यात्रियों में भय का माहौल है।
Akhil Mahajan