हिसार में पुलिसकर्मी को स्कॉर्पियो पर लटकाकर भगाया, वीडियो वायरल
हिसार के IG चौक पर युवकों ने पुलिसकर्मी को स्कॉर्पियो पर लटकाकर भगा लिया। डायल 112 मौजूद थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
- हिसार में IG चौक के सामने पुलिसकर्मी को स्कॉर्पियो पर लटकाकर भगाया गया
- डायल 112 की गाड़ी मौके पर मौजूद, फिर भी युवकों ने बेखौफ गाड़ी दौड़ा दी
- वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की
हरियाणा के हिसार में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। IG चौक के पास कुछ युवकों ने एक पुलिसकर्मी को स्कॉर्पियो गाड़ी पर लटकाकर तेज रफ्तार में भगा लिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
घटना 14 जनवरी की रात की बताई जा रही है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि मौके पर डायल 112 की ERV गाड़ी खड़ी है और पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी आती है, जिसकी छत पर दो युवक बैठे हुए थे।
पुलिसकर्मी ने गाड़ी रुकवाकर युवकों को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी खुद स्कॉर्पियो पर चढ़ गया और युवकों को नीचे उतारने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान ड्राइवर ने अचानक गाड़ी दौड़ा दी।
गाड़ी के चलने से पुलिसकर्मी स्कॉर्पियो के साइड में लटक गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पुलिसकर्मी को कुछ दूरी तक इसी हालत में लेकर जाते हैं। यह सब कुछ डायल 112 की मौजूदगी के बावजूद हुआ, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुछ दूरी पर जाकर युवकों ने पुलिसकर्मी को नीचे उतार दिया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना को पास में खड़े एक युवक ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो चुका है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद हिसार पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस प्रवक्ता विकास कुमार ने बताया कि यह मामला पुलिसकर्मी को उठाने का नहीं, बल्कि सरकारी ड्यूटी में बाधा डालते हुए कार्रवाई से बचने के लिए गाड़ी भगाने का है।
पुलिस ने युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
Akhil Mahajan