हिसार में गुरुद्वारे के ग्रंथी की पगड़ी उतारी, दाढ़ी खींची, बवाल
हिसार में गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी के साथ मारपीट, पगड़ी उतारने और दाढ़ी नोचने का मामला सामने आया। भतीजी के मकान विवाद से जुड़ा विवाद, पुलिस ने जांच शुरू की है।
• हिसार में गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी से मारपीट और पगड़ी उतारने का गंभीर आरोप
• भतीजी के मकान निर्माण को लेकर पड़ोसियों से विवाद बढ़ा, दाढ़ी खींचकर धार्मिक अपमान का आरोप
• पुलिस को शिकायत, दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया गया; सिख समाज में रोष
हिसार में गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी के साथ मारपीट कर उनकी पगड़ी उतारने और दाढ़ी नोंचने का मामला सामने आया है। इस घटना ने स्थानीय सिख समाज में रोष पैदा कर दिया है। भाई जीवन सिंह गुरुद्वारे के मुख्य सेवादार सरदार चरणजीत सिंह ने डोगरान मोहल्ला पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
चरणजीत सिंह ने बताया कि उनकी भतीजी सुनती, जो पड़ोस में विवाहित हैं, अपना मकान बनवा रही हैं। पड़ोसियों द्वारा लगातार उन्हें परेशान किया जा रहा था, जिसकी शिकायत 10 दिसंबर को सब्जी मंडी चौकी में भी दी गई थी। गुरुवार सुबह जब मिस्त्री काम पर पहुंचे तो आरोपी पड़ोसी दरवाजा नहीं खोलने दे रहे थे और गाली-गलौज करने लगे।
चरणजीत ने बताया कि वह जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी जयगोपाल, उसके लड़के और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पगड़ी उतार दी, दाढ़ी खींची और मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार, जयगोपाल ने अपने बेटों को कहा कि ‘पहले इस सरदार को सबक सिखाओ और इसकी दाढ़ी मूंछ नोच दो।’ इसके बाद कुलदीप ने थप्पड़ मारा और उन्हें बालों से पकड़ा।
ग्रंथी ने कहा कि उनकी धार्मिक आस्था का खुला अपमान किया गया। मौके पर कई लोग इकट्ठे हो गए और कुछ ने बीच-बचाव भी किया। आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद सिख समाज के लोग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर दूसरे पक्ष को भी बुलाया है। मामले की जांच जारी है।
Author1