हिमाचल में दिन में छाया अंधेरा: शिमला समेत कई शहरों में रात जैसा नजारा, बारिश-बर्फबारी का दौर जारी, 20 मार्च तक मौसम अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शिमला सहित कई शहरों में दिन में अंधेरा छा गया। राज्य में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है, जबकि 19-20 मार्च को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल में दिन में छाया अंधेरा: शिमला समेत कई शहरों में रात जैसा नजारा, बारिश-बर्फबारी का दौर जारी, 20 मार्च तक मौसम अलर्ट

शिमला सहित कई शहरों में दोपहर को अचानक छाया अंधेरा, गाड़ियों को जलानी पड़ी हेडलाइट
राज्य में रुक-रुककर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, कई जिलों में ओलावृष्टि
मौसम विभाग का अलर्ट: 19-20 मार्च को भारी बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं की संभावना


हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार से शुरू हुआ बारिश और बर्फबारी का दौर सोमवार को भी जारी रहा। दोपहर करीब 3 बजे राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में अचानक ऐसा अंधेरा छा गया जैसे रात हो गई हो।

स्थिति इतनी असामान्य हो गई कि वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलाना पड़ाशिमला के प्रसिद्ध रिज और मालरोड पर दुकानों और स्ट्रीट लाइटों को भी दिन में ही जलाना पड़ा। शहर दिन के समय भी रोशनी से जगमगाता नजर आया।

इसी तरह के मौसम के हालात बिलासपुर, ऊना और मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र में भी देखने को मिले। कई जगहों पर हल्की ओलावृष्टि भी हुईमौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो कुछ समय के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।उधर मनाली के पास धुंधी और अटल टनल क्षेत्र में अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण लगभग 1000 से ज्यादा वाहन बर्फ में फंस गए।

सड़क पर बर्फ शीशे की तरह जम गई, जिससे वाहन फिसलने लगे और कई वाहनों का नियंत्रण भी बिगड़ गया। इसके बाद पुलिस और बीआरओ की टीमों ने पूरी रात संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कई सैलानियों और यात्रियों को भूखे-प्यासे पूरी रात गाड़ियों में ही बितानी पड़ी

चंबा जिले के पर्यटन स्थल डलहौजी, खज्जियार और लक्कड़मंडी में हल्की बर्फबारी के बीच पर्यटकों ने जमकर मस्ती की। वहीं होटल कारोबार से जुड़े लोगों ने भी राहत महसूस की है।

लगातार हो रही बारिश से किसानों और बागवानों ने राहत की सांस ली है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश मटर, आलू और सेब की फसलों के लिए काफी लाभदायक साबित हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 19 और 20 मार्च को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी का अनुमान है, जबकि चंबा, शिमला और सोलन में अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

21 और 22 मार्च को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है।

मौसम के इस बदलाव के कारण पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट सकती है। इसके बाद कुछ समय के लिए हल्की बढ़ोतरी और फिर अगले 3-4 दिनों में दोबारा 3 से 5 डिग्री तक गिरावट संभव है।