BREAKING: हिमाचल के धार्मिक अनुष्ठान में चली गोली, महिला की मौत से मातम में बदला उत्सव

धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हवाई फायरिंग में 26 वर्षीय महिला की मौत, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज।

BREAKING: हिमाचल के धार्मिक अनुष्ठान में चली गोली, महिला की मौत से मातम में बदला उत्सव

➤ रोहड़ू के कुलगांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हवाई फायरिंग में महिला की मौत
➤ सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में चली गोली, आरोपी अब तक अज्ञात
➤ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल



रोहड़ू के कुलगांव क्षेत्र में रविवार रात एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पारंपरिक उत्सव के बीच हुई हवाई फायरिंग एक महिला की जान ले बैठी। मृतका की पहचान 26 वर्षीय रितिका के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की मां बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में देवता के अनुष्ठान के दौरान स्थानीय परंपरा के तहत देवलू (देवता के कारदार और क्षेत्रीय लोग) हवाई फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक गोली महिला को लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और धार्मिक कार्यक्रम की खुशी मातम में बदल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। चिड़गांव थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने चलाई, क्योंकि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग हथियारों के साथ मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस तरह के आयोजनों में लोग बंदूकें, तलवारें और पारंपरिक हथियार लेकर नाचते-गाते हैं, और उत्सव के दौरान फायरिंग भी की जाती है। हालांकि, इस घटना ने ऐसी परंपराओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन ने घटना के बाद लोगों से अपील की है कि धार्मिक या सार्वजनिक आयोजनों में हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग से बचें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।