हरियाणा में मौसम ने अचानक ली करवट, रातभर तेज हवाओं के साथ बारिश; 17 जिलों के लिए अलर्ट, गर्मी-उमस से राहत की उम्मीद
हरियाणा में उमस और गर्मी के बाद मौसम बदला, कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। HAU ने 17 जिलों में अगले 3 घंटे का अलर्ट जारी किया।
➤ तेज हवाओं के साथ कई जिलों में झमाझम बारिश, जींद में विधायक के मकान के सामने भरा पानी
➤ HAU ने पंचकूला समेत 17 जिलों में अगले 3 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया
➤ उमस के बीच बिजली की डिमांड 11,500 MW तक पहुंची, कई जिलों में 2 से 3 घंटे के कट लगे
हरियाणा में बीते कुछ दिनों से जारी भीषण उमस और गर्मी के बीच बुधवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। बुधवार रात और गुरुवार तड़के राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जींद में भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री के मकान के सामने बारिश का पानी भर गया। तेज हवा का असर इतना रहा कि यहां लगाए गए बैरिकेड्स भी गिर गए।
बारिश के बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों से मौसम में बदलाव की तस्वीर सामने आई। हिसार में रात के समय हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान थे। ऐसे में रात के समय हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया।+
HAU ने 17 जिलों के लिए जारी किया बारिश का अलर्ट
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU) ने गुरुवार सुबह मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया। विभाग के अनुसार, अगले 3 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अलर्ट के मुताबिक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल में हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
मौसम में आए इस बदलाव से उन इलाकों में राहत की उम्मीद है, जहां पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी थी। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
उमस बढ़ी तो बिजली की डिमांड 11,500 MW तक पहुंची
हरियाणा में बुधवार रात तक उमस का असर बिजली की मांग पर भी दिखाई दिया। उमस के कारण प्रदेश में बिजली की डिमांड करीब 11,500 MW तक पहुंच गई। बढ़ी हुई मांग के बीच कई जिलों में दो से तीन घंटे के कट लगाने पड़े।
बिजली की अधिक मांग और उमस भरे मौसम के बीच लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, गुरुवार को मौसम के बदलने और कई हिस्सों में बारिश होने के बाद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिन में बालसमंद सबसे गर्म, रात में पंचकूला रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बारिश से ठीक एक दिन पहले प्रदेश के औसतन अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इस दौरान हिसार का बालसमंद 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे हरियाणा में सबसे गर्म इलाका रहा।
इसके अलावा चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और पलवल में भी दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इससे साफ रहा कि बारिश से पहले प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर काफी तेज था।
वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो रात के औसत पारे में भी 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद पंचकूला 21.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा।
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में रात का तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मानसून में बारिश का पैटर्न असमान, 11 जिलों में सामान्य से कम बारिश
हरियाणा में इस मानसून सीजन 1 जून से 15 सितंबर के दौरान बारिश का पैटर्न मिला-जुला और असमान रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक जींद और सिरसा जिले बारिश की भारी कमी यानी सूखे जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं। इस मानसून सीजन में पलवल जिले में सबसे बेहतर बारिश दर्ज की गई है। यहां सामान्य से 21% अधिक यानी 473.4 मिमी बारिश हो चुकी है।
इसके उलट, जींद में मानसून सीजन के दौरान सबसे कम बारिश हुई है। यहां सामान्य से 60% कम यानी केवल 145.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
प्रदेश में बारिश की कमी के मामले में सिरसा दूसरे नंबर पर है। यहां सामान्य से 58% कम यानी महज 88.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
इसके अलावा कैथल में 48%, रोहतक में 48%, कुरुक्षेत्र में 41%, करनाल में 41%, अंबाला में 40%, हिसार में 37%, पानीपत में 36% और सोनीपत में 31% बारिश कम दर्ज की गई है।
ऐसे में प्रदेश में एक तरफ जहां कई दिनों से गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही थी, वहीं अब बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। गुरुवार सुबह HAU की ओर से जारी अलर्ट के बाद कई जिलों में हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
Akhil Mahajan