हरियाणा में फिर बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट दर्ज 19 मार्च से बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

हरियाणा में पहाड़ों की बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 19-20 मार्च को बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

हरियाणा में फिर बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट दर्ज  19 मार्च से बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

पहाड़ों में बर्फबारी से हरियाणा में फिर बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट दर्ज
अगले 2 दिन में मौसम बदलेगा, 19-20 मार्च को बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं, IMD का अलर्ट


हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम के समय लोगों को फिर से ठंड का एहसास होने लगा है।पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना लेकिन हल्का ठंडा हो गया है।

प्रदेश में सिरसा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.9°C दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 14.0°C, करनाल में 13.9°C और नारनौल में 13.0°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो गुरुग्राम में 36°C के साथ सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई, जिससे दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च से हरियाणा के कई जिलों में मौसम फिर से बदल सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।

20 मार्च को भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर 18 मार्च की रात से देखने को मिलेगा। इसके कारण 19 मार्च से मौसम में फिर बदलाव आएगा।चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर के अनुसार, इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।