हरियाणा के 17 जिलों में सीवियर हीटवेव अलर्ट
हरियाणा के 17 जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा में तापमान 46.2°C पहुंचा, जबकि 29 मई से बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
- हरियाणा के 17 जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट
- सिरसा में 46.2°C पहुंचा तापमान, प्रदेश सबसे ज्यादा तप रहा
- 29 मई से बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से मौसम बदलने के आसार
हरियाणा में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में 29 मई तक मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। इस दौरान दक्षिण-पश्चिम दिशा से गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं, जबकि लोग चेहरे ढककर और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
सोमवार को हरियाणा का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान सिरसा में 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा रोहतक में 45.2 डिग्री, नारनौल में 44.2 डिग्री, भिवानी में 44 डिग्री और हिसार में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सीवियर हीटवेव वह स्थिति होती है जब मैदानी क्षेत्रों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाए या सामान्य तापमान से 6.5 डिग्री से अधिक बढ़ोतरी दर्ज हो। ऐसे मौसम में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और कमजोरी जैसी समस्याओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
मौसम विभाग ने 26 मई के लिए महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद और कैथल जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर और चंडीगढ़ में सामान्य हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है।
हालांकि लोगों को जल्द गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना बन रही है। वहीं 29 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम बदल सकता है।
29 मई से 1 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाने, धूलभरी हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और बादलवाही के कारण तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
Akhil Mahajan