हरियाणा सचिवालय की 8वीं मंजिल से कूदकर कर्मचारी की मौत

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में बिजली निगम के कर्मचारी बलवंत सिंह की 8वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हरियाणा सचिवालय की 8वीं मंजिल से कूदकर कर्मचारी की मौत

■ हरियाणा सचिवालय की 8वीं मंजिल से कूदकर कर्मचारी की मौत

■ अधिकारी से मिलने विजिटर पास बनवाकर सचिवालय पहुंचा था कर्मचारी

■ पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कर्मचारी ने बिल्डिंग की 8वीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में मौके पर पहुंचे डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान पंचकूला निवासी बलवंत सिंह के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में कार्यरत बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय परिसर में तैनात पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार बलवंत सिंह सोमवार सुबह विजिटर पास बनवाकर सचिवालय पहुंचे थे। उन्होंने पास में पांचवीं मंजिल स्थित हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन के कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स से आधिकारिक काम के सिलसिले में मिलने का कारण दर्ज कराया था।

सामने आए विजिटर पास के अनुसार उनका पास सुबह 9:42 बजे जनरेट हुआ था, जबकि सचिवालय में उनकी एंट्री 10:22 बजे दर्ज की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कर्मचारी के नीचे गिरते ही सचिवालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

इसके बाद शव को एम्बुलेंस के जरिए सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कर्मचारी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। सचिवालय प्रशासन की ओर से भी मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।