खेत जलमग्न और गांवों में खतरा: हथिनीकुंड बैराज से डेंजर लेवल से ऊपर पानी जारी
हरियाणा में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। हथिनीकुंड बैराज से लगातार डेंजर लेवल से ऊपर पानी छोड़ा जा रहा है। कुरुक्षेत्र, अंबाला और सिरसा में नदियों के उफान से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे में हादसों में 11 लोगों की मौत हुई है।
➤ हथिनीकुंड बैराज से लगातार चौथे दिन डेंजर लेवल से ऊपर पानी छोड़ा जा रहा
➤ अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा और पंचकूला में नदियों के उफान व लैंडस्लाइड से हालात गंभीर
➤ पिछले 24 घंटे में बारिश व हादसों से 8 बच्चियों समेत 11 लोगों की मौत
हरियाणा में मानसून की भारी बारिश के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। हथिनीकुंड बैराज से बीते 1 सितंबर सुबह 4 बजे से फ्लड गेट लगातार चौथे दिन खुले हुए हैं। इस समय भी बैराज से डेंजर लेवल से ज्यादा, यानी करीब 1 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। इसका सीधा असर यमुना नदी के किनारे बसे हरियाणा के जिलों और दिल्ली पर पड़ रहा है।
यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत के यमुना से सटे इलाके बाढ़ के खतरे में हैं। वहीं, दिल्ली के औखला बैराज से छोड़े गए पानी के कारण फरीदाबाद में यमुना का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी में नैंसी गांव के पास दरार पड़ चुकी है, जिसकी वजह से आसपास के खेत जलमग्न हो गए और रिहायशी इलाकों में भी खतरा बढ़ गया है। पिहोवा और सिरसा में घग्गर नदी का लेवल भी काफी बढ़ा हुआ है और कुछ जगहों पर इसमें दरारें पड़ गई हैं।
अंबाला में टांगरी नदी सोमवार की शाम को ओवरफ्लो हो गई थी, जिससे 17 कॉलोनियों में पानी घुस गया। हालांकि फिलहाल टांगरी का जलस्तर घट रहा है, लेकिन अब बेगना नदी उफान पर आ गई है। बुधवार आधी रात के बाद नदी का पानी किनारों से ऊपर फैलकर अंबाला-रुड़की नेशनल हाईवे-344 तक पहुंच गया। हाईवे पर रात से ही ट्रैफिक वन-वे करना पड़ा और गुरुवार सुबह भी इसकी एक लेन पानी में डूबी रही।
पंचकूला में भारी बारिश से मोरनी हिल्स क्षेत्र में कई जगहों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ है। इसके कारण पंचकूला-मोरनी सड़क कई स्थानों से टूट गई, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
पिछले 24 घंटे में बारिश और हादसों से कई जानें गई हैं। कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, भिवानी, करनाल और यमुनानगर में मकानों की छतें गिरने से 3 बच्चियों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। सिरसा में कार नहर में गिरने और यमुनानगर में यमुना में डूबने से 2 लोगों की मौत हुई। वहीं पानीपत में 3 साल का बच्चा छत से फिसलकर नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।
प्रदेश में इस मानसून सीजन सामान्य से 47 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। आज भी मौसम विभाग ने हरियाणा के 6 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुबह जींद और झज्जर में बारिश दर्ज की गई, जबकि हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में बारिश का दौर अभी भी जारी है।