₹2 लाख रिश्वत लेते हरियाणा पुलिस का सब इंस्‍पेक्‍टर गिरफ्तार, SV&ACB की बड़ी कार्रवाई

पलवल में हरियाणा पुलिस के ESI होशियार सिंह को SV&ACB ने हनी ट्रैप मामले में समझौते के नाम पर ₹2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।

₹2 लाख रिश्वत लेते हरियाणा पुलिस का सब इंस्‍पेक्‍टर गिरफ्तार, SV&ACB की बड़ी कार्रवाई

फरीदाबाद SV&ACB ने हरियाणा पुलिस के ESI होशियार सिंह को ₹2 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार किया

हनी ट्रैप केस में समझौता कराने के नाम पर पूर्व पुलिसकर्मी से मांगी गई थी रिश्वत

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज, मामले की जांच जारी


फरीदाबाद। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस के ESI होशियार सिंह, प्रभारी ERV-502, थाना चांदहट, जिला पलवल, को ₹2 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में थाना SV&ACB फरीदाबाद में एफआईआर संख्या-15 दिनांक 07 जुलाई 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त एक्सटेंडेड असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (Ex. EASI) हैं। शिकायत के अनुसार वर्ष 2023 में थाना कैंप, पलवल में दर्ज हनी ट्रैप प्रकरण में आरोपी ESI होशियार सिंह शिकायतकर्ता थे। जांच के दौरान सह-आरोपियों के खुलासे के आधार पर शिकायतकर्ता का नाम भी इस मामले में शामिल किया गया था। फिलहाल शिकायतकर्ता इस मामले में माननीय न्यायालय से जमानत पर हैं।

आरोप है कि ESI होशियार सिंह ने शिकायतकर्ता से मामले में समझौता कराने के नाम पर ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद SV&ACB ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया और आरोपों की पुष्टि होने पर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।

ब्यूरो की टीम ने तय योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी ESI होशियार सिंह को ₹2 लाख की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। मामले की आगे की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा की जा रही है।

SV&ACB ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें। ब्यूरो ने कहा है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।