IAS सुधीर राजपाल और सुमिता मिश्रा में से बनेगा हरियाणा का नया मुख्य सचिव
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तबीयत बिगड़ने के बाद सरकार नए CS की तलाश में है। IAS सुधीर राजपाल और डॉ. सुमिता मिश्रा के नाम सबसे आगे चल रहे हैं।
• मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी दो महीने बेड रेस्ट पर, सरकार ने विकल्प तलाशे
• IAS सुधीर राजपाल और डॉ. सुमिता मिश्रा रेस में सबसे आगे
• प्रशासनिक कामकाज सुचारू रखने की चुनौती, जल्द फैसला संभव
हरियाणा सरकार को नए मुख्य सचिव की तलाश शुरू करनी पड़ी है। मौजूदा मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण यह स्थिति बनी है। उन्हें मेजर हार्ट अटैक आने के बाद चिकित्सकों ने दो महीने के बेड रेस्ट की सलाह दी है।
अनुराग रस्तोगी का मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहां उनकी सर्जरी की गई है और फिलहाल उन्हें आईसीयू में भर्ती रखा गया है। चिकित्सकीय सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है और एक-दो दिन में उन्हें प्राइवेट रूम में शिफ्ट किया जा सकता है।
मुख्य सचिव के लंबे समय तक सक्रिय न रह पाने की संभावना को देखते हुए सरकार के सामने प्रशासनिक कामकाज सुचारू रूप से चलाने की चुनौती खड़ी हो गई है। इसी कारण अब सरकार ने नए चीफ सेक्रेटरी के विकल्पों पर मंथन शुरू कर दिया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस दौड़ में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधीर राजपाल और डॉ. सुमिता मिश्रा के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। दोनों अधिकारी प्रशासनिक अनुभव और वरिष्ठता के लिहाज से मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखने के लिए जल्द ही इस पर फैसला लिया जा सकता है।
Akhil Mahajan